Breaking News

सीएम नीतीश ने जरासंध की 21 फीट ऊंची मूर्ति का किया अनावरण, राजगीर जू सफारी भी पहुंचे

पटना: सीएम नीतीश ने आज बिहार के चर्चित पर्यटन स्थलों में से एक राजगीर को बड़ी सौगात दी है. मुख्यमंत्री ने नालंदा जिले के राजगीर में मगध के चक्रवर्ती सम्राट व महाभारत के समय के महान योद्धा जरासंध की 21 फीट ऊंची मूर्ति का अनावरण किया. इस दौरान सीएम नीतीश के साथ मौके पर बिहार सरकार में मंत्री प्रेम कुमार, श्रवण कुमार, डॉ. सुनील कुमार, विजय चौधरी और संजय झा मौजूद थे. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर भी इस कार्यक्रम से संबंधित एक पोस्ट शेयर की है.

इस कार्यक्रम को लेकर जरासंध स्मारक स्थल को रंग-बिरंगे फूलों और अलग-अलग तरह के पौधों से सजाया गया है. सीएम नीतीश अपने राजगीर दौरे के दौरान राजगीर जू सफारी स्थित वन्य जीव अस्पताल भी पहुंचे, जहां उन्होंने विधि व्यवस्था का निरीक्षण किया.

जानकारी के अनुसार, जरासंध स्मृति पार्क में मगध सम्राट की 21 फीट ऊंची प्रतिमा को 11 फीट ऊंचे पेडेस्टल पर स्थापित किया गया है. जरासंध की प्रतिमा को ब्रास मेटल से बनाया गया है, जो आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. जरासंध स्मृति पार्क को 14.83 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 27 नवंबर 2022 को गंगा जल आपूर्ति योजना का शुभारंभ करते हुए जरासंध स्मारक बनाने की घोषणा की थी. जरासंध स्मारक जेपी उद्यान के नजदीक बनाया गया है.

सम्राट जरासंध की मूर्ति के अनावरण के बाद सीएम नीतीश राजगीर जू सफारी पहुंचे, जहां उन्होंने वन्य जीव अस्पताल का निरीक्षण किया. इस दौरान सीेएम ने शेर के शावकों की देखभाल के निर्देश दिये. साथ ही जू सफारी के सभी जीवों का बेहतर ढंग से देखभाल करने और उनकी सुविधाओं का ख्याल रखने का भी निर्देश दिया. साथ ही राजगीर जू सफारी में लगभग 1 एकड़ में नवनिर्मित बर्ड एवियरी का लोकार्पण किया. इस बर्ड एवियरी में पक्षियों के रहने, खाने-पीने और पर्यावरणीय वातावरण का ध्यान रखा गया है. यहां देशी-विदेशी प्रजाति के कई पक्षी उपलब्ध हैं.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.