Breaking News

बिहार में ‘पीएम श्री विद्यालय’ के तहत संचालित होंगे 836 स्कूल, कक्षा 6 से 12वीं तक की होगी पढ़ाई 

पटना: बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लिया है. राज्य के 836 उच्च माध्यमिक विद्यालयों में अब कक्षा 6 से 12 तक की पढ़ाई होगी. यह विद्यालय न्यू एजुकेशन पॉलिसी के तहत पीएम श्री विद्यालय के अंतर्गत संचालित होंगे. प्रदेश के उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई होती है लेकिन शिक्षा विभाग के इस नए फैसले से 836 उच्च माध्यमिक विद्यालयों में अब कक्षा 6 से 12 तक की पढ़ाई होगी.

शिक्षा विभाग ने इन सभी विद्यालयों में आगामी शैक्षिक सत्र से ही कक्षा 6 से 8 की पढ़ाई भी शुरू करने को कहा है. इस संबंध में संबंधित जिला शिक्षा पदाधिकारी को विद्यालय में पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति का भी निर्देश दिया है.

शिक्षा विभाग के अपर सचिव सुनील कुमार की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि साल 2007 में शिक्षा विभाग की ओर से फैसला लिया गया था कि कक्षा 6 से 8 तक की पढ़ाई मध्य विद्यालयों में होगी और माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 8 के बच्चों का नामांकन नहीं होगा लेकिन न्यू एजुकेशन पॉलिसी 2020 के तहत राज्य के 836 उच्च माध्यमिक विद्यालयों में आगामी शैक्षणिक सत्र से कक्षा 6 से 8 तक की भी पढ़ाई शुरू करने का निर्णय लिया गया है.

शिक्षा विभाग के अपर सचिव सुनील कुमार ने बताया कि जिस मध्य विद्यालय में पहले से कक्षा 1 से 8 तक की पढ़ाई हो रही है, वहां कक्षा 1 से 5 तक एक अलग स्वतंत्र प्राथमिक विद्यालय का इकाई होगी और कक्षा 6 से 8 का मर्जर उच्च माध्यमिक विद्यालय में होगा. इसके साथ ही इस प्राथमिक विद्यालय के लिए प्रधान शिक्षक का पद अलग से सृजित किया जायेगा.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.