Breaking News

डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने महाकुंभ में लगाई आस्था की डूबकी, जानें क्या कहा

पटना: प्रयागराज महाकुंभ में एक सौ चौवालीस साल बाद बनने वाले महायोग में देश के साथ साथ विदेशों से भी श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। अब तक चालीस लाख से अधिक लोग गंगा, यमुना, सरस्वती के पवित्र संगम में स्नान कर रहे हैं। बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने भी प्रयागराज जाकर संगम में पूरे परिवार के साथ पवित्र स्नान किया। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के सीएम आदित्यनाथ योगी की जमकर तारीफ की।

विजय कुमार सिन्हा ने सोशल मीडिया पर स्नान की तस्वीरें भी शेयर किया। इसे लेकर उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक महाकुंभ में सूर्योदय की पहली किरण के साथ त्रिवेणी संगम में सपरिवार डुबकी लगाकर सत्य सनातन की समृद्ध परंपरा का निर्वहन किया। महाकुंभ सिर्फ एक मेला नहीं है बल्कि यह आस्था, परंपरा और हिंदू संस्कृति का संगम है। मां गंगा समस्त बिहारवासियों को सभी विकारों से मुक्त करें। उनके जीवन में सुख-समृद्धि और शांति आये, सभी निरोग रहें, इसकी कामना करता हूँ।

उन्होंने आगे लिखा कि देश के यशस्वी माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में ऐसे भव्य आयोजन के साथ करोड़ों लोगों को आस्था की पवित्र डुबकी लगाने का अवसर प्राप्त हुआ, इसके लिए उनको हृदय से धन्यवाद एवं आभार। हर हर गंगे।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.