भभुआ। भभुआ विधानसभा क्षेत्र के तीन बार विधायक रहे सदर प्रखंड के अखलासपुर गांव निवासी स्व. शिवप्रसाद सिंह के पुत्र डॉ. प्रमोद कुमार सिंह का मंगलवार की देर रात निधन हो गया। बताया गया कि मंगलवार की शाम में वो अपने गांव में आवास पर ही थे। अचानक उनकी तबीयत खराब हुई। उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी। स्वजन उन्हें लेकर सदर अस्पताल पहुंचे।
जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर उन्हें रेफर कर दिया। वाराणसी जाने के दौरान ही बीच रास्ते में उनका निधन हो गया। इसके बाद उनके शव को लेकर स्वजन भभुआ आए और फिर रात में ही गांव लेकर चले गए। उनके निधन की खबर मिलते ही मंगलवार की रात में ही प्रखंड सहित जिले के कई गांवों से लोग उनके दरवाजे पर पहुंचने लगे।

मुखिया सहित कई जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोगों के अलावा भभुआ नगर के कई लोग शामिल हुए। डा. प्रमोद सिंह के निधन से जिले में शोक की लहर दौड़ गई।
जदयू के कद्दावर नेता रहे प्रमोद सिंह
- डॉ. प्रमोद सिंह की छवि एक ईमानदार व शांत स्वभाव के जनप्रतिनिधि के रूप में थी।
- प्रमोद सिंह समाज के सभी वर्ग के लोगों के करीब थे।
- वह भभुआ विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2000, 2005 व 2010 में विधायक बने थे।
- इसके बाद वे दो बार जदयू के कैमूर के जिलाध्यक्ष भी रहे हैं।
- वर्तमान में वे जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष थे।
शव यात्रा में मौजूद रहे दिग्गज नेता
उनके निधन पर अखलासपुर गांव पहुंचे बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह, श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह, विधायक अशोक सिंह, डॉ. पुनीत कुमार, राजद महासचिव बिरजू सिंह पटेल, भोला नाथ यादव, जदयू के जिलाध्यक्ष अनिल सिंह कुशवाहा, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, नप चेयरमैन बबलू तिवारी, जिप सदस्य विकास सिंह उर्फ लल्लू पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल, लोजपा रा के गजेंद्र गुप्ता, पूर्व सभापति जैनेंद्र आर्य आदि ने पहुंच कर श्रद्धाजंलि अर्पित की और शव यात्रा में शामिल होकर शव को कंधा भी दिया।





Leave a Reply