आज, 16 जनवरी 2025 को ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) मुजफ्फरपुर की एक बैठक मोतीझील स्थित जिला कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में शैक्षिक व सांस्कृतिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा आज़ादी आंदोलन की क्रांतिकारी धारा के महानायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 128वीं जयंती को व्यापक रूप से छात्र-नौजवानों के बीच मनाने और उनके विचारों व आदर्शों को प्रचारित करने की योजना बनाई गई।

बैठक को संबोधित करते हुए एआईडीएसओ के बिहार राज्य सचिव विजय कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा और छात्र-नौजवानों के अधिकारों पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। इन चुनौतियों का सामना करने के लिए उच्च नैतिकता, आदर्शों और दृढ़ संकल्प से लैस एक मज़बूत छात्र आंदोलन खड़ा करना समय की मांग है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 19 जनवरी 2025 को नवम कक्षा से लेकर स्नातकोत्तर स्तर तक के छात्र-छात्राओं के बीच भाषण, एकल गीत, निबंध एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। यह प्रतियोगिता डॉ. राम मनोहर लोहिया स्मारक कॉलेज में होगी, जिसमें शहर के विभिन्न कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों के प्राध्यापक तथा एआईडीएसओ के नेतृत्वकारी साथी उपस्थित रहेंगे।

इसके अलावा, 23 जनवरी 2025 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती जिले के तमाम शिक्षण संस्थानों में आयोजित की जाएगी, जिससे छात्रों में उनके क्रांतिकारी विचारों और आदर्शों को अधिक व्यापक रूप से प्रचारित किया जा सके।
बैठक में मुख्य रूप से एआईडीएसओ बिहार राज्य सचिव विजय कुमार, मुजफ्फरपुर जिला अध्यक्ष शिव कुमार, अली अख्तर, रूपा कुमारी, दीपमाला कुमारी, रोहित कुमार सहित अन्य साथी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।




Leave a Reply