पटना. बिहार के नए गवर्नर आरिफ मोहम्मद खान ने यादव निवास पर पहुंचकर पूर्व सीएम राबड़ी देवी को जन्मदिन की बधाई दी है. इस दौरान उन्होंने पूर्व सीएम और आरजेडी चीफ लालू यादव और उनके पुत्र पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव से मुलाकात की और पूरे परिवार को नए साल की शुभकामनाएं दीं. आरिफ मोहम्मद खान ने यादव निवास पहुंचकर सबको चौंका दिया है. हालांकि इससे पहले तेजस्वी यादव, राज्यपाल से मिलने पहुंचे थे और उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी थी. बता दें कि राज्यपाल आरिफ खान ने अभी तक शपथ ग्रहण नहीं की है.


इस घटनाक्रम के बाद से कई राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गईं हैं. बिहार की राजनीति में इस मुलाकात को लेकर तमाम चर्चाएं हो रही हैं. साल ने पहले ही दिन नए गवर्नर आरिफ मोहम्मद खान ने यादव परिवार से मिलकर कई संकेत दे दिए हैं. नए गवर्नर आरिफ मोहम्मद खान इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पैतृक गांव कल्याणबिगहा गए थे. यहां उन्होंने नीतीश की माता की पुण्यतिथि पर परमेश्वरी देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए श्रद्धांजलि दी थी. इस दौरान सीएम नीतीश कुमार ने राज्यपाल को अपना गांव भी दिखाया था.

राबड़ी देवी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं
राजेडी सूत्रों ने बताया कि नवनियुक्त राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान अचानक से राबड़ी देवी के आवास पर पहुंचे. यहां पर उनका स्वागत राजेडी प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने शॉल पहनाकर किया. इस दौरान तेजस्वी यादव भी मौजूद थे. सभी ने आरिफ मोहम्मद खान को नए साल की शुभकामनाएं दीं. सूत्रों ने कहा कि आज ही राबड़ी देवी अपना जन्मदिन मनाती हैं, इस पर नए गवर्नर आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और बेहतर स्वास्थ्य की कामना की. इस मौके पर सामान्य चर्चा ही हुई और इसके बाद राज्यपाल लौट गए.





Leave a Reply