पटना। उप मुख्यमंत्री व खान एवं भूतत्व मंत्री विजय सिन्हा ने शनिवार को बालू घाटों का हेलीकाप्टर से औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान कई गड़बड़िया सामने आई थी। इसके बाद अवैध बालू कारोबारियों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई की गई।
इस दौरान सारण जिले के डोरीगंज (छपरा) से 3000 ट्रक बालू यानी 15 लाख सीएफटी बालू जब्त किया गया। यह कार्रवाई अभी भी जारी है। इस कार्रवाई में चार ट्रक, छह ट्रैक्टर एवं जेसीबी के साथ कई गिरफ्तारियां भी हुई है। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में रविवार को उप मुख्यमंत्री ने यह जानकारी पत्रकारों को दी।

ट्रक पकड़वाने वाले को 10,000 रुपये मिलेगा इनाम
उन्होंने कहा कि सरकार ने ट्रक पकड़वाने वाले को 10,000 रुपये और ट्रैक्टर पकड़वाने वाले को 5,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। शीघ्र ही करीब तीन से चार दर्जन ऐसे सामाजिक योद्धाओं को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष तौर पर पुरस्कृत किया जाएगा।
सिन्हा ने चेतावनी दी कि यदि अवैध खनन जारी रहा, तो दोषी अधिकारियों और थाने के पदाधिकारियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार का उद्देश्य राजस्व की चोरी रोकना और खनन को नियमित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार जीरो टालरेंस नीति के साथ आगे बढ़ रही है।उप मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि बिहार में ओवर लोडिंग के 90 प्रतिशत की कमी आई है। इससे जहां ट्रक को लाभ हो रहा है वहीं सड़कों की आयु भी बढ़ रही है।




Leave a Reply