Breaking News

छठ पर घर जाने वाले ध्‍यान दें, घंटाभर पहले स्‍टेशन नहीं गए, तो नहीं मिलेगी ट्रेन!

नई दिल्ली. छठ पर्व से पहले दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर भारी भीड़ नजर आ रही है. दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन के बाहर भी बड़ी संख्या में लोग अपने डेस्टिनेशन पर जाने के लिए पहुंच रहे हैं. भीड़ नियंत्रण के लिए आनंद विहार रेलवे के बाहर एक बड़ा शेड लगाया गया है. जहां लोग अपनी ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं. जनरल टिकट के लिए 6 वेंडिंग मशीन लगाई गई हैं. वेंडिंग मशीन के आसपास रेल सेवक यात्रियों की मदद कर रहे हैं. इसके अलावा इस बड़े शेड में कई स्क्रीन भी लगाई गई है. इनमें ट्रेन की जानकारी दी जा रही है.

छठ पर्व के लिए अपने घर जा रहे कुछ लोगों से बात की. जिन्होंने कहा कि यहां इंतजाम अच्छे किए गए हैं लेकिन ट्रेन देरी से चल रही है. रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा और क्राउड मैनेजमेंट के लिए भी इंतजाम किए गए हैं. RPF के सिक्योरिटी ऑफिसर ज्योति मणि ने बताया कि सुरक्षा चाक चौबंद है. बिना चेकिंग किसी को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है. डॉग स्क्वॉड लगाए गए. 60 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. इसके अलावा क्राउड मैनेजमेंट के लिए शेड बनाए गए हैं. प्लेटफॉर्म पर भीड़ ना बढ़े इसके लिए लोगों को सिर्फ एक घंटे पहले ही प्लेटफॉर्म पर जाने की इजाजत है.

गौरतलब है कि भारतीय रेलवे इस साल दिवाली और छठ पूजा के लिए 7,000 स्पेशल ट्रेन चलाएगा, जिससे रोजाना दो लाख अतिरिक्त यात्रियों को सुविधा मिलेगी. रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान यह जानकारी दी थी. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पिछले साल दिवाली और छठ पूजा के दौरान त्योहारी भीड़ को देखते हुए 4,500 विशेष ट्रेन चलाई गई थीं. अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंत्रालय ने इस साल सेवाओं को बढ़ाने का फैसला किया है.

उत्तर रेलवे (एनआर) इस अवधि के दौरान बड़ी संख्या में ट्रेन चलाएगा क्योंकि बड़ी संख्या में यात्री देश के पूर्वी भागों में आवाजाही करते हैं. एनआर ने हाल ही में एक प्रेस बयान में कहा कि वह लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचने में मदद करने के लिए विशेष ट्रेन के लगभग 3,050 फेरे संचालित करेगा. इसमें कहा गया है कि ‘वर्ष 2023 में भारतीय रेलवे ने विशेष त्यौहार ट्रेन चलाईं, जिसमें उत्तर रेलवे ने विशेष ट्रेन के 1,082 फेरे संचालित किये. इस साल ट्रेन के 3,050 फेरे संचालित किये जाएंगे, जो 181 प्रतिशत की वृद्धि है.’ इसमें कहा गया है कि ‘विशेष ट्रेन के अलावा, अधिक यात्रियों को समायोजित करने के लिए ट्रेन में अतिरिक्त कोच भी जोड़े जा रहे हैं.’

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.