Breaking News

भूमिहीनों के बीच डीएम ने बांटा बासगीत पर्चा

बेतिया। बगहा अनुमंडल क्षेत्र के 80 भूमिहीन व्यक्तियों को आज अभियान बसेरा-02 अंतर्गत 5-5 डिसमिल वासभूमि पर्चा का वितरण किया गया। पर्चा वितरण का कार्यक्रम अनुमंडल सभागार, बगहा में सम्पन्न हुआ। पर्चा वितरण कार्यक्रम में माननीय सांसद, वाल्मीकिनगर, श्री सुनील कुमार, माननीय विधायक, वाल्मीकिनगर, श्री धीरेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ रिंकु सिंह, माननीय विधान पार्षद, श्री भीष्म सहनी सम्मिलित हुए और भूमिहीन व्यक्तियों को पर्चा सौंपा।

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अभियान बसेरा-2 के तहत पर्चा दिया गया। जिलाधिकारी श्री दिनेश कुमार राय ने उपस्थित भूमिहीन परिवारों और अन्य लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जो लोग किसी न किसी वजह से भूमिहीन हैं, लाचार हैं, ख़ुद ज़मीन ख़रीद नहीं सकते उन्हें 3 से 5 डिसमील ज़मीन देने का प्रावधान है। अगर सरकारी ज़मीन उपलब्ध नहीं है तो ख़रीद कर भी देने का प्रावधान है। जिलाधिकारी ने कहा की 80 भूमिहीन परिवारों को घर बनाने के लिए पर्चा दिया गया है। जमीन उपलब्ध होने के बाद घर बनाने के लिए राशि मुहैया कराई जाएगी। विभिन्न आवास योजनाओं का लाभ लाभार्थियों को दिलाकर उन्हें अपना घर बनाने में जिला प्रशासन मदद करेगी।

जिलाधिकारी ने योजना के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि 1 अप्रैल 2023 से दूसरा चरण शुरू हुआ है। जिसमें 9500 भूमिहीन लोग चिन्हित किए गए हैं जिनके बीच ज़मीन का पर्चा वितरित होना है। उपस्थित भूमिहीनों के बीच भूमि वितरण के साथ दूसरे चरण की योजना की शुरुआत बगहा से हो चुकी है। ग़रीब भूमिहीनों लोगों के पास ज़मीन न होने के कारण प्रधानमंत्री आवास योजना तथा मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाता था। भूमि मिलने के बाद उन्हें इनका लाभ मिलेगा और अपने परिवार के साथ अपने घर में रहेंगे।

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाना है। सभी लोगों का सहयोग इसमें मिला है।इसलिए यह सामूहिक सफलता है।

अपर समाहर्ता, श्री राजीव कुमार सिंह ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सब कुछ काफ़ी पारदर्शी है। जो यहाँ भी ऑनलाइन दिखाया जा सकता है। दूर बैठा कोई चाहें तो ऑनलाइन सारे तथ्यों की जाँच कर सकता है। जियो टैगिंग की मदद से सब कुछ पारदर्शी तरीक़े से किया गया है।

जिलाधिकारी से पर्चा प्राप्त होने के बाद सुभागी देवी ने कहा कि ज़मीन मिलने के बाद आज काफ़ी गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने इसके लिए जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया। वहीं दूसरे लाभार्थी मीरा देवी ने कहा कि आज का दिन उनके लिए यादगार है। अपना ज़मीन होना समाज में मान-सम्मान दिलाता है। इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन को आभार व्यक्त किया ।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, श्री दिनेश कुमार राय, अपर समाहर्ता, श्री राजीव कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी, बगहा, डॉ0 अनुपमा सिंह, भूमि सुधार उप समाहर्ता, बगहा, सुश्री अंजेलिका कृति सहित बगहा अनुमंडल के सभी अंचल अधिकारी एवं राजस्व अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.