Breaking News

डीएम ने बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक निर्वाचन की तैयारी लेकर किया बैठक

(DEEPAK KUMAR)

बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक सूची का सफल एवं सुव्यवस्थित तैयारी सुनिश्चित कराने हेतु जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन ने सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की तथा अधिकारियों को आयोग द्वारा प्रदत्त दिशा निर्देश एवं मानक के अनुरूप निर्वाचक सूची की तैयारी सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया।

बैठक में सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को निर्वाचक सूची की तैयारी की संपूर्ण प्रक्रिया एवं दिशा निर्देश से अवगत कराया गया तथा पूरी जवाबदेही से अनुपालन सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया गया।

विदित हो कि तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए प्रमंडलीय आयुक्त, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी हैं तथा जिला पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी नामित हैं।

उल्लेखनीय है कि तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के रूप में जिला के जिला निर्वाचन पदाधिकारी, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए अधिसूचित सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अधिसूचित अन्य पदाधिकारी नामित हैं।

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के पात्रता हेतु निम्न शर्तों को पूरा करना आवश्यक है –
कोई व्यक्ति जो अर्हता तिथि 1 नवंबर 2024 से कम से कम 3 वर्ष पहले से भारत के किसी राज्य में किसी विश्वविद्यालय का स्नातक हो या समतुल्य अर्हता रखता हो तथा संबंधित निर्वाचन क्षेत्र का सामान्य निवासी है।

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक सूची में शामिल होने के लिए आवेदक को 29जुलाई से 3 सितंबर तक फार्म 18 में अपेक्षित दस्तावेज/ प्रमाण पत्र के साथ आवेदन समर्पित करना है।

यह आवेदन पत्र संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी/ सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी/ पदाभिहित पदाधिकारी के समक्ष जमा किया जाएगा।

बैठक में अधिकारियों को फार्म जमा करने के दौरान बरती जाने वाली सावधानी से भी अवगत कराया गया। उन्हें अवगत कराया गया कि फार्म 18 के साथ जब कोई आवेदक आवेदन देता है तो जांच लेना आवश्यक है कि आवेदक सामान्यतया वहां का निवासी है अथवा नहीं तथा उसके पास वांछित शैक्षणिक योग्यता है अथवा नहीं। साथ ही डिग्री अथवा अंक पत्र की राजपत्रित पदाधिकारी से अभिप्रमाणित प्रति है अथवा नहीं।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्री आशुतोष द्विवेदी, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन श्री मनोज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी श्री अमित कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री सत्यप्रिय सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे तथा वीडियो कांफ्रेंसिंग से सभी प्रखंड स्तरीय अधिकारी संबद्ध थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.