MUZAFFARPUR : बकरीद पर्व के शांतिपूर्ण एवं सदभावपूर्ण आयोजन करने तथा विधि-व्यवस्था संधारित रखने हेतु जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक समाहरणालय सभागार में सम्पन्न हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि 17 जून को बकरीद का पर्व शांति सदभाव के माहौल में मनायें। इस अवसर पर शहर की साफ-सफाई, पेयजल की व्यवस्था, निर्वाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही पर्व के अवसर पर हर हाल में विधि-व्यवस्था संधारित रहेगी। जिलाधिकारी ने जिलावासियों से बकरीद पर्व के अवसर पर शांति सदभाव बनाये रखने तथा अपेक्षित सहयोग प्रदान करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वाले, सामाजिक विद्वेष पैदा करने वाले तथा सामाजिक सदभाव भंग करने वाले, असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी तथा दोषी के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शांति समिति के प्रतिनिधियों से भी आवश्यक सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किया। सभी प्रतिनिधियों ने जिले में बकरीद पर्व के अवसर पर आपसी भाईचारा तथा शांति सदभाव कायम रखने तथा जिला प्रशासन को अपेक्षित सहयोग प्रदान करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को भी थानावार शांति समिति की बैठक करने तथा आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि छोटी से छोटी घटनाओं की सूचना त्वरित रूप से वरीय पदाधिकारी को दें ताकि तत्क्षण रूप से निरोधात्मक कार्रवाई की जा सके।
जिलाधिकारी ने बकरीद पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन तथा विधि-व्यवस्था संधारण हेतु संवेदनशील स्थलों को चिन्हित करते हुए पर्याप्त संख्या में दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। सभी अधिकारियों को एलर्ट मोड में रहने तथा विधि-व्यवस्था संधारित रखने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने शहर में अभियान के तौर पर साफ-सफाई एवं पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश नगर आयुक्त को दिया तथा विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्वाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। नगर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सोशल मीडिया पर अगर किसी के द्वारा अफवाह एवं भ्रामक खबर फैलायी जाती है तो इसकी सूचना प्रतिनिधिगण अविलम्ब रूप से पुलिस को दें ताकि विधि-व्यवस्था कायम रखी जा सके। उन्होंने मस्जिदों के आस-पास पुलिस बल एवं पेट्रोलिंग पार्टी की प्रतिनिुयक्ति करने तथा भ्रमणशील रखने का निर्देश दिया।
बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित, अपर समाहर्ता राजस्व संजीव कुमार, अपर समाहर्ता आपदा मनोज कुमार, अपर समाहर्ता विधि-व्यवस्था सुधीर कुमार सिन्हा, सिविल सर्जन डाॅ॰ अजय कुमार, जिला नजारत उप समाहर्ता रविशंकर प्रसाद, बाबा गरीब नाथ मंदिर के प्रधान पुजारी विनय पाठक सहित कई अन्य प्रशासनिक, पुलिस पदाधिकारी एवं प्रतिनिधिगण उपस्थित थें।


















Leave a Reply