Breaking News

#MUZAFFARPUR-VAISHALI में NDA प्रत्याशियों की जीत, 2 लाख से राज भूषण तो 90 हज़ार मतों से जीतीं वीणा देवी

MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से मुजफ्फरपुर और वैशाली दोनों ही संसदीय क्षेत्र से राजग समर्थित उम्मीदवारों ने जोरदार जीत हासिल की है।

मुजफ्फरपुर से भाजपा के राज भूषण निषाद चौधरी निषाद ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी काॅग्रेस (महागठबंधन) के उम्मीदवार अजय निषाद को लगभग दो लाख 20 हज़ार से अधिक मतों के अंतर से हराकर 2024 की अपनी लोकसभा सीट पर जीत हासिल कर ली।

वहीं वैशाली संसदीय सीट पर लगातार दूसरी बार सांसद बनी वीणा देवी ने राजद उम्मीदवार मुन्ना शुक्ला को 90 हज़ार से अधिक वोटों के अंतर से हराकर अपनी लोकसभा सीट बरकरार रखी।

इस बार भाजपा और महागठबंधन दोनों ने ही निषाद समुदाय से उम्मीदवार उतारे थेे। इस सीट से तीसरी बार चुनाव लड़ रहे अजय निषाद का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के राज भूषण चौधरी से था जो निषाद समुदाय का नेतृत्व करने की कोशिश कर रहे हैं।

लोकसभा चुनाव के अंतर्गत मुजफ्फरपुर जिले में वैशाली और मुजफ्फरपुर संसदीय क्षेत्र से राजग समर्थित प्रत्याशियों ने जीत का परचम लहराया। मोदी रथ पर सवार भाजपा और लोजपा के सिंबल से चुनाव लड़ रहे राजग समर्थित प्रत्याशी डॉ राज भूषण चौधरी निषाद और वीणा देवी ने प्रारंभ से ही बढ़त बना ली थी, जो समय-समय प्रभावित होती गई।

खासकर मुजफ्फरपुर संसदीय क्षेत्र में राज भूषण चौधरी को प्रारंभ से ही बढ़त मिलता रहा, जो दोपहर 1:00 बजे तक एक लाख से अधिक अंतर हो जाने के कारण कांग्रेस प्रत्याशी अजय निषाद ने मतगणना केंद्र से रवाना होना ही बेहतर माना। उन्होंने पत्रकारों से बात किए बगैर मतगणना स्थल छोड़ दिया। इधर वैशाली संसदीय क्षेत्र से महागठबंधन समर्थित राजद के प्रत्याशी मुन्ना शुक्ला सुबह 10:00 बजे मतगणना स्थल पर पहुंच समर्थकों के साथ मतगणना केंद्र में प्रवेश चाहते थे, लेकिन मुख्य द्वार पर खड़े सुरक्षा प्रहरियों ने उन्हें रोक लिया और समर्थकों के साथ अंदर प्रवेश पर रोक लगाई। बाद में श्री शुक्ला समर्थकों को स्थल पर छोड़कर मतगणना केंद्र में घुसे और मतगणना कार्य का विधानसभा वार अवलोकन कर मतगणना केंद्र के बाहर उनके समर्थकों द्वारा बनाए कैंप में जाकर बैठ गए। पोस्ट बैलेट में पिछड़ने के बाद श्री शुक्ला के समर्थकों को उम्मीद थी कि वह वापसी करेंगे, लेकिन जैसे-जैसे दिन ढलता रहा बढ़त का अंतर बढ़ता ही गया और उनके समर्थकों में निराशा बढ़ती गई।

वैशाली से लोजपा प्रत्याशी ने वर्तमान सांसद वीणा देवी मतदान केंद्र पर दोपहर बाद पहुंची थी। जैसे-जैसे उनकी बढ़त बढ़ती रहे समर्थकों में जीत की उम्मीद बलवती होती गई और देर से वीणा देवी मतदान केंद्र पहुंची और जिलाधिकारी से प्रमाण पत्र हासिल किया। यह दूसरा मौका है जब वीणा देवी वैशाली संसदीय क्षेत्र से निर्वाचित हुई हैं। इस दौरान उन्होंने इस जीत को वैशाली के जनता की जीत बताते हुए वैशाली की जनता का धन्यवाद किया, और खुद की स्वच्छ छवि व ईमानदारी को जीत का कारण बताया।

वही राजभूषण चौधरी पहली बार मुजफ्फरपुर संसदीय क्षेत्र से जीतने में सफल हुए हैं। उन्होंने इस जीत को मुजफ्फरपुर की जनता और प्रधानमंत्री मोदी की जीत बताते हुए कहा कि- राष्ट्र निर्माण की दिशा में जनता ने जनाधार दिया है, और प्रधानमंत्री ने मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता पर भरोसा जताया है, निश्चित रुप से पीएम, कार्यकर्ताओं और मुजफ्फरपुर की सम्मानित जनता का धन्यवाद करता हूँ।

राष्ट्र निर्माण को लेकर मतदाताओं ने जो मतदान किया है इसके लिए आने वाले दिनों में उन्हे इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत बनाना मुजफ्फरपुर वासियों का धर्म था जिसका उन्होंने निर्वाह किया है। राज भूषण चौधरी ने कहा कि आगे जनता की मूलभूत समस्याओं को लेकर संघर्ष करेंगे और जो कमियां रही है उसको पूरा करने का काम करेंगे उन्होंने दोहराया कि बेरोजगारी और चौपट हो रहे हैं उद्योग धंधे उनकी प्राथमिकता रही है इसके निदान के लिए काम करेंगे।

बताते चलें कि मुजफ्फरपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में 20 मई को और वैशाली में छठे चरण में 25 मई को सम्पन्न हुए मतदान में मुजफ्फरपुर सीट पर 58.10 फीसदी और वैशाली में 58.5 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था.

मुजफ्फरपुर लोकसभा सीट के चुनावी मैदान में 26 प्रत्याशी थे. लेकिन यहां मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पार्टी के बीच रहा. भारतीय जनता पार्टी ने यहां अपने मौजूदा सांसद अजय निषाद का टिकट काटकर राजभूषण चौधरी को मैदान में उतारा तो वहीं मुजफ्फरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए वर्तमान सांसद अजय निषाद कांग्रेस पार्टी की टिकट पर मैदान में थे.

2019 के लोकसभा चुनाव में यहां भारतीय जनता पार्टी के अजय निषाद ने वीआईपी के उम्मीदवार रहे राजभूषण चौधरी को लगभग चार लाख वोटों से हराया था. अजय निषाद को जहां 6,66,878 वोट मिले थे वहीं वीआईपी के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले राज भूषण चौधरी को 2,56,890 वोट मिले.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.