Lok Sabha Election Result 2024: लगभग दो महीने चले लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजों का काउंड डाउन शुरू हो चुका है. 4 जून को दोपहर तक भारत की राजनीतिक तस्वीर साफ हो जाएगी कि प्रधानमंत्री की गद्दी पर कौन विराजेगा. हालांकि, एग्जिट पोल ने फिर से बीजेपी के सत्ता में लौटने की बात कही है. लेकिन मतदाता के मन की बात भला कौन जाने. लेकिन निश्चित ही इसबार के चुनाव परिणाम बिल्कुल चौंकाने वाले होंगे. इन चुनावों के बाद छह महीने के भीतर बहुत-सी जगहों पर उपचुनाव होंगे. क्योंकि कई स्थानों पर विधायकों ने लोकसभा का चुनाव लड़ा है. अगर ये विधायक सांसद चुने जाते हैं तो उनकी विधानसभा सीट पर फिर से चुनाव कराए जाएंगे
लेकिन देश में एक लोकसभा सीट ऐसी है जहां अगर भारतीय जनता पार्टी जीतती है तो उस सीट पर फिर से उपचुनाव कराया जाएगा. यह सुनने में भले ही अटपटा लगे, लेकिन है एकदम सच.
हम बात कर रहे हैं उत्तर प्रदेश की मुरादाबाद सीट की. मुरादाबाद को पीतल नगरी भी कहते हैं. यहां लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान हुआ था. मुरादाबाद सीट पर बीजेपी ने कुंवर सर्वेश कुमार सिंह को टिकट दिया था. समाजवादी पार्टी ने उनके खिलाफ रुचि वीरा और बहुजन समाज पार्टी ने इरफान सैफी को मैदान में उतारा था. मुरादाबाद लोकसभा सीट पर 62.18 प्रतिशत मतदान हुआ था. अब माजरा यह है कि अगर यहां से कुंवर सर्वेश कुमार सिंह चुनाव जीतते हैं तो इस सीट पर फिर से चुनाव कराया जाएगा. बीजेपी को छोड़कर किसी और दल का प्रत्याशी चुनाव जीतता है तो फिर ऐसा नहीं होगा.
उसकी वजह यह है कि 19 अप्रैल को मतदान के ठीक एक दिन बाद, 20 अप्रैल ही बीजेपी प्रत्याशी सर्वेश कुमार सिंह की मृत्यु हो गई. 71 वर्षीय सर्वेश कुमार सिंह कैंसर से पीड़ित थे. उन्होंने दिल्ली के एम्स में अंतिम सांस ली.
हालांकि, यही बात राहुल गांधी की वायनाड और रायबरेली सीट पर भी फिट बैठती है. अगर इन दोनों सीटों पर राहुल गांधी की जीत होती है, तो उन्हें एक सीट छोड़नी पड़ेगी और जिस भी सीट को राहुल गांधी छोड़ते हैं, उस पर छह महीने के भीतर फिर से चुनाव कराने होंगे.















Leave a Reply