MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : जिले के सदर थाना क्षेत्र के हसन चक बंगरा में महिला की पीट-पीट कर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपित राहुल कुमार को पुलिस ने नारायणपुर अनंत स्टेशन से आरपीएफ इंस्पेक्टर मनाेज कुमार यादव ने गिरफ्तार कर लिया।
इलाज के क्रम में अपनी चाची की मृत्यु की खबर लगते ही वह भागने की फ़िराक में था, जिस क्रम में वह रविवार को स्टेशन पर पहुंचा था। यहां से पैसेंजर ट्रेन से मुजफ्फरपुर जंक्शन फिर जंक्शन से पवन एक्सप्रेस में सवार हाेकर मुंबई निकल जाता। सीसीटीवी कैमरे व पुलिस से बचने के लिए उसने नारायणपुर अनंत स्टेशन काे चुना था। इसी बीच आरपीएफ की सक्रियता ने उसकी प्लानिंग फेल कर दी।
सदर थाने की पुलिस से सूचना मिलते ही आरपीएफ इंस्पेक्टर मनाेज कुमार यादव ने जवानाें के साथ राहुल काे टिकट काउंटर के पास पकड़ लिया. माेबाइल में भेजी गई तस्वीर से हुलिया मिलते ही उसे गिरफ्तार कर प्रारंभिक पूछताछ के बाद सदर थाने की पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
इस सम्बन्ध में जानकारी देते हुए सिटी एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया की सदर थाना क्षेत्र के हसन चक बंगरा गांव में जमीनी विवाद में बीते दो मई को रामशरण महतो की 45 वर्षीय पत्नी मीना देवी को मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था. अस्पताल में इलाज के क्रम में बीते 5 अप्रैल को मीना देवी की मृत्यु हो गई थी. घटना को लेकर रामशरण महतो ने अपनी पत्नी की हत्या का आरोप भतीजे राहुल पर लगाया था।
चाची की हत्या करने के आरोप में राहुल को नारायणपुर अनंत स्टेशन से गिरफ्तार किया गया है. आरोपित ने महिला की हत्या करने का जुर्म कबूल लिया है। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है, वह पूर्वी चम्पारण के पिपरा कोठी इलाके में लूट के मामले में जेल भी जा चूका है.











Leave a Reply