Breaking News

पहले चरण में उमड़ी वोटरों की भीड़, 3 बजे तक यूपी में 50 फीसदी के करीब मतदान

Lok Sabha Chunav Voting: मणिपुर में अनियमितताओं के आरोपों और ईवीएम को नष्ट किए जाने की खबरों के बीच, चुनाव आयोग ने शुक्रवार को कहा कि ‘लोकसभा चुनाव के पहले चरण में सभी 21 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में मतदान सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है.’ इस बीच, पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों से हिंसा, धमकी और हमले की शिकायतें आईं, जहां तीन निर्वाचन क्षेत्रों – कूच बिहार, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी – में मतदान हुआ. पश्चिम बंगाल में दोपहर 1 बजे तक 50.96% मतदान होने का अनुमान है. आज दोपहर 1 बजे तक त्रिपुरा में 53.04% के साथ सबसे अधिक मतदान दर्ज किया गया.

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले चरण में जिन सीटों पर चुनाव हो रहा है, वहां के युवाओं से बढ़ चढ़कर वोट डालने की अपील की है. पहले चरण में 21 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 102 संसदीय सीटों पर मतदान हो रहा है. पहले चरण में अरुणाचल प्रदेश (60 सीटें) और सिक्किम (32 सीटें) में विधानसभा चुनाव भी हो रहा है.

इस चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, सर्बानंद सोनोवाल और भूपेन्द्र यादव, कांग्रेस के गौरव गोगोई, और द्रमुक की कनिमोई शामिल हैं. निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदान सुबह सात बजे शुरू हो चुका है शाम छह बजे तक चलेगा. आयोग ने 1.87 लाख मतदान केंद्रों पर 18 लाख से अधिक मतदान कर्मियों को तैनात किया है. इन मतदान केंद्रों पर 16.63 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.

मतदाताओं में 8.4 करोड़ पुरुष, 8.23 करोड़ महिलाएं और 11,371 थर्ड जेंडर शामिल हैं. 35.67 लाख लोग पहली बार मतदाता बने हैं. इसके साथ ही 20-29 वर्ष आयु वर्ग के 3.51 करोड़ युवा मतदाता हैं. पहले चरण में जिन राज्यों की सभी लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है उसमें तमिलनाडु (39), उत्तराखंड (5), अरुणाचल प्रदेश (2), मेघालय (2), अंडमान और निकोबार द्वीप समूह (1), मिजोरम (1), नगालैंड (1), पुडुचेरी (1), सिक्किम (1) और लक्षद्वीप (1) शामिल हैं. इसके अलावा राजस्थान में 12, उत्तर प्रदेश में 8, मध्य प्रदेश में 6, असम और महाराष्ट्र में 5-5, बिहार में 4, पश्चिम बंगाल में 3, मणिपुर में 2 और त्रिपुरा, जम्मू कश्मीर और छत्तीसगढ़ में एक-एक सीट पर मतदान हो रहा है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.