BIHARBreaking NewsPATNASTATE

ह’ड़कंप: पटना में बढ़ती जा रही खाजपुरा से बनी संक्रमण की चेन, कई इलाके सील…

#PATNA में बढ़ती जा रही खाजपुरा से बनी संक्रमण की चेन, कई इलाके सील 

राजधानी में खाजपुरा से बनी चेन धीरे-धीरे बढ़ती ही जा रही है। बुधवार को मिले छह मामलों के बाद गुरुवार को पटना के खाजपुरा से आठ नए संक्रमित मिले। इसमें छह पूर्व में संक्रमित युवक के स्वजन हैं जबकि दो किरायेदार हैं। संक्रमित युवक की उम्र 35 वर्ष जबकि अन्य 8, 14, 23, 23, 24, 30 और 57 वर्ष की हैं। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बताया कि ये सभी लोग उक्त महिला के संपर्क वाले हैं जो खाजपुरा से संक्रमित मिली थी। चार दिनों में इस क्षेत्र में 16 संक्रमित मिल चुके हैं। प्रशासन ने इस क्षेत्र को पहले से ही सील कर दिया है। राजधानी में संक्रमितों की संख्या 24 हो गई है।

राजाबाजार फ्लाईओवर के पिलर नंबर 37 से पिलर नंबर 11 तक का रास्ता शुक्रवार की दोपहर सील कर दिया गया है। यहां से अब इमरजेंसी सेवा छोड़कर किसी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। इसके साथ ही लॉकडाउन का पालन करान के लिए जगदेवपथ में 12 जवानों की तैनाती की गई है। मीडिया को भी प्रतिबंधित क्षेत्र में आने जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है। खाजपुरा की 8 गलियों में 20 जवानों तैनाती की गई है। मोहल्ले में दो घरों में मिले पीड़ित के आसपास के आठ घरों से किसी को भी बाहर निकलने की इजाजत नहीं दी जा रही है। अब आशियाना मोड़ से जगदेवपथ मुख्य मार्ग को पूरी तरह सील कर दिया गया है। सिर्फ प्रशासन और एम्बुलेंस को आने जाने की छूट मिली है। इसके अलावा पैदल आने-जाने वालो को भी पुलिस रोक रही है।

राजधानी के कंकड़बाग अंचल में सबसे ज्यादा लोग होम क्वारंटाइन किए गए हैं। यहां 200 से अधिक का आंकड़ा पार कर गया है। इन सभी घरों के बाहर होम क्वारंटाइन का बोर्ड लगा है। इसके बाद पटना सिटी और नूतन राजधानी अंचल का नंबर है।

 खाजपुरा से दो दिनों में 14 पॉजिटिव

सिर्फ दो दिनों में खाजपुरा से 14 पॉजिटिव मरीज मिले हैं। गुरुवार को 58 और नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं, जिनकी जांच रिपोर्ट आज यानी शुक्रवार को आएगी। आशंका है कि इसमें भी कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए जा सकते हैं।

संक्रमित महिला का इलाज करने वाला डॉक्टर निगेटिव

सीएमएस एजेंसी के कैश वैन चालक की कोरोना संक्रमित का उपचार करने वाले ईएसआइसी हॉस्पिटल के पास स्थित चांदसी दवाखाने के डॉक्टर की रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं खाजपुरा के संक्रमित युवक के एक बुजुर्ग पड़ोसी में सर्दी-खांसी व सांस लेने में तकलीफ को देखते हुए उसे क्वारंटाइन किया गया है। रामनगरी मोड़ के पास से भी एक बुजुर्ग को जांच के लिए भेजा गया है।

300 मीटर के दायरे में ही मिल रहे मरीज

खाजपुरा के 16 लोगों के पॉजिटिव होने के तार एटीएम में कैश डालने वाली एजेंसी सीएमएस से ही जुड़ रहे हैं। यहां के सभी आठ लोग 300 मीटर के दायरे में ही रहते हैं। क्षेत्र की पहली कोरोना संक्रमित महिला कैश वैन चालक की पत्नी और दूसरे संक्रमित युवक और उसकी किराएदार महिला के घर की दूरी मात्र 280 मीटर है। वहीं जगदेवपथ का जो युवक संक्रमित पाया गया है वह एजेंसी में एचआर मैनेजर है और किडनी रोगी होने के कारण उसकी इम्यून क्षमता कमजोर है। एचआर मैनेजर को 25 दिन पहले दिल्ली व मुंबई से लौटे एजेंसी संचालक से संक्रमण की आशंका है। उसी के संपर्क में आने से एचआर मैनेजर व विभाग के अन्य कर्मी और संक्रमित पहली महिला के वैन चालक पति को हुआ था।

Input : Jagran

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.