Breaking News

‘भारत में अगले 1000 साल तक राम राज्य…’ बीजेपी ने राम मंदिर पर पारित किया प्रस्ताव

नई दिल्ली. बीजेपी के राष्ट्रीय अधिवेशन के दूसरे दिन रविवार को अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर के लिए प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन किया गया. इस दौरान ‘जय श्री राम’ के नारे के बीच राम मंदिर को लेकर बैठक में एक प्रस्ताव भी पारित किया गया और प्रधानमंत्री की मौजूदगी में राम मंदिर पर एक वीडियो भी दिखाया गया, जिसमें कहा गया कि यह अगले 1,000 वर्षों के लिए भारत में ‘राम राज्य’ की स्थापना का संकेत है.

इस मौके पर राम मंदिर पर प्रस्ताव पेश करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीजेपी सरकार राम राज्य की स्थापना की ओर अग्रसर है. नड्डा ने कहा कि पीएम मोदी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं.

राम मंदिर पर लाए गए प्रस्ताव में कहा गया, ‘अयोध्या की प्राचीन पवित्र नगरी में श्रीराम की जन्मभूमि पर भव्य और दिव्य मंदिर का निर्माण देश के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवशाली उपलब्धि है.’ इसमें कहा गया है कि यह अधिवेशन प्रधानमंत्री के नेतृत्व को दिल से बधाई देता है.

प्रस्ताव में कहा गया कि भगवान श्रीराम, सीता और रामायण भारतीय सभ्यता व संस्कृति के हर पहलू में विद्यमान हैं. इसमें कहा गया, ‘हमारे लोकतांत्रिक मूल्यों और सभी के लिए न्याय के लिए समर्पित हमारा संविधान रामराज्य के आदर्शों से प्रेरित है.’

प्रस्ताव में यह भी जिक्र किया गया है कि भारत के संविधान की मूल प्रति में भी मौलिक अधिकारों के खंड पर जीत के बाद अयोध्या लौटने पर भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण जी की तस्वीर इस बात का प्रमाण है कि भगवान श्रीराम मौलिक अधिकारों के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं. इसमें कहा गया है कि रामराज्य का विचार महात्मा गांधी के हृदय में भी था जो कहा करते थे कि यही सच्चे लोकतंत्र का विचार है

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.