पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जनता दरबार में नौकरी,अतिक्रमण,आर्थिक सहायता एवं गबन का मामला छाया रहा..मुख्यमंत्री ने शिकायत के बाद संबंधित विभाग के अधिकारियों को निदान को लेकर निर्देश दे हैं. पटना के देशरत्न मार्ग स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय परिसर में आयोजित ‘जनता के दरबार में आज कुल 37 फरियादियों ने शिकायत की.
इस जनता दरबार में पटना जिले से आयी एक महिला ने मुख्यमंत्री से शिकायत करते हुए कहा कि वर्ष 2010 से वर्ष 2016 तक मुझे विधवा पेंशन योजना के तहत मिलनेवाली राशि का भुगतान हो रहा था लेकिन उसके बाद से विधवा पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया ।
भोजपुर जिले से आयी एक छात्रा ने मुख्यमंत्री से शिकायत करते हुए कहा कि मैंने वर्ष 2019 में स्नातक पास की है लेकिन मुख्यमंत्री बालिका प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत मिलनेवाली प्रोत्साहन राशि अब तक नहीं मिली है। मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया ।
किशनगंज जिले से आयी एक महिला मुख्यमंत्री से फरियाद करते हुए कहा कि मेरे पति जो मदरसा बोर्ड में नौकरी करते थे, उनका निधन होने के बाद अब तक अनुकंपा पर नौकरी नहीं मिल पायी है। वहीं किशनगंज जिले से ही आये एक अन्य फरियादी ने मुख्यमंत्री से निवेदन करते हुए कहा कि मेरे पिताजी का कोरोना के कारण निधन हो गया था लेकिन उनके निधन के बाद मिलनेवाली सहायता राशि अब तक परिवार को नहीं मिल पायी है। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
समस्तीपुर जिले से ही आयी एक महिला ने मुख्यमंत्री से निवेदन करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी सेविका के नियोजन में अनियमितता बरती जा रही है जिसके कारण मेरा नियोजन नहीं हो पा रहा है। मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया ।
मधेपुरा जिले से आए एक युवक ने मुख्यमंत्री से आग्रह करते हुए कहा कि बेहरारी पंचायत में सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय नहीं है जिससे छात्रों को पढ़ाई करने में काफी परेशानी हो रही है। वहीं हमारे यहां के स्वास्थ्य केंद्र को और बेहतर बनाए जाने की जरुरत है। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया ।





Comment here