India vs Pakistan Live Score: भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें एशिया कप सुपर फोर में आमने सामने हैं. रिजर्व डे में खेले जा रहे इस मुकाबले में विराट कोहली और केएल राहुल ने शानदार शतक जड़े. दोनों ने मनमाफिक शॉट्स लगाए. राहुल ने अपने वनडे करियर का छठा शतक जड़ा वहीं कोहली ने वनडे में 47वां जबकि इंटरनेशनल क्रिकेट में 77वीं सेंचुरी पूरी की. कोहली सचिन के वनडे में सर्वाधिक 49 सेंचुरी से अब 2 शतक पीछे हैं. इससे पहले मैच में बाबर आजम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया. जवाब में बारिश के कारण खेल रोके जाने तक भारतीय टीम ने 24.1 ओवर में 2 विकेट पर 147 रन बनाए थे. मैच सोमवार यानी रिजर्व डे में दोपहर 3 बजे से शुरू होना था, लेकिन बारिश के चलते 1 घंटे 40 मिनट की देरी से शुरू हुआ. भारत ने 50 ओवर में 2 विकेट पर 356 रन बनाए.
टीम इंडिया ने इस अहम मुकाबले के लिए प्लेइंग-XI में 2 बदलाव किया है. धाकड़ बैटर केएल राहुल और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी हुई है. मोहम्मद शमी और श्रेयस अय्यर यह मैच नहीं खेल रहे हैं. अय्यर चोटिल हैं. पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली का रिकॉर्ड इस मैदान पर बेहतरीन रहा है. वे 8 पारियों में 3 शतक जड़ चुके हैं. ऐसे में वे अपने इस प्रदर्शन को इस मैच में भी जारी रखना चाहेंगे. सुपर-4 राउंड के अब तक 2 मुकाबलों की बात करें, तो इसमें पाकिस्तान और श्रीलंका को जीत मिली है.
भारत और पाकिस्तान ग्रुप राउंड में भी एक-दूसरे के खिलाफ उतरे थे, लेकिन बारिश के चलते यह मुकाबला पूरा नहीं हो सका था. हालांकि टीम इंडिया को बल्लेबाजी करने का मौका मिल गया था. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने रोहित शर्मा से लेकर विराट कोहली तक को बोल्ड मारा था. टीम की शुरुआत बेहद खराब रही थी. इसके बाद ईशान किशन और हार्दिक पंड्या ने अर्धशतक जड़कर टीम को 250 रन के पार पहुंचाया था. पारी के सभी 10 विकेट पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों को मिले थे और यह एशिया कप के 39 साल के इतिहास में पहली बार हुआ.
भारतीय टीम सुपर-4 में भी शाहीन अफरीदी, नसीम शाह और हारिस रऊफ की तिकड़ी से बचना चाहेगी. पाकिस्तान ने मैच के लिए प्लेइंग-XI में चौथे तेज गेंदबाज फहीम अशरफ को भी टीम में शामिल किया है. हालांकि नेपाल के खिलाफ रोहित शर्मा और शुभमन गिल दोनों ने नाबाद अर्धशतक जड़े थे. इस कारण भारतीय टीम मैच 10 विकेट से जीतने में सफल रही थी. भारतीय गेंदबाजी की बात करें, तो सबसे अधिक नजर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पर रहेगी. वे 14 महीने बाद वनडे क्रिकेट में गेंदबाजी करते हुए दिखेंगे. ऐसे में क्या वे 10 ओवर में डालने के लिए पूरी तरह फिट हैं. इस पर भी टीम मैनेजमेंट की नजर रहेगी.
भारत और पाकिस्तान मैच को Starsports नेटवर्क पर देखा जा सकता है. इसके अलावा Hotstar पर भी फैंस मुकाबले को फ्री में देख सकते हैं. डीडी स्पोर्ट्स पर भी मैच का सीधा प्रसारण होगा.





Comment here