Breaking News

पटना में ऑटो चालकों की हड़ताल से बढ़ी परेशानी:स्टैंड की वैकल्पिक व्यवस्था की मांग

पटना के पूर्वी क्षेत्र में चलने वाले ऑटो रिक्शा और ई रिक्शा का परिचालन शुक्रवार से बंद हो जाने से यात्रियाें को काफी परेशानी हो रही है। पटना जंक्शन से राजधानी के अलग-अलग इलाकों में जाने वाले लोगों को ऑटो नहीं मिल रही है। ऊपर से तेज गर्मी ने यात्रियों की समस्या बढ़ा दी है।

पटना में लगभग 5000 ऑटो हैं। इसमें 80% पर हड़ताल का पूरा असर है। एक दिन में 100% ऑटो चलने पर लगभग 4 से 5 लाख पैसेंजर आते जाते हैं।

बातचीत के बाद भी समाधान नहीं

पटना जंक्शन के पास टाटा पार्क और ऑटो स्टैंड को मेट्रो निर्माण के लिए घेराबंदी किया जा रहा है। इसे लेकर ऑटो चालकों ने विरोध-प्रदर्शन किया। इसके बाद नगर निगम प्रशासन और ऑटो यूनियन के साथ बैठक हुई। लेकिन बातचीत से कोई हल नहीं निकला। इसके बाद चालकों ने पूर्वी क्षेत्र की ओर जाने वाले सभी ऑटो रिक्शा और ई रिक्शा के परिचालन को बंद करने का निर्णय लिया।

वैकल्पिक व्यवस्था की है मांग

ऑटो यूनियन संघ का कहना है कि उन्हें मेट्रो निर्माण से कोई आपत्ति नहीं। लेकिन ऑटो रिक्शा की पार्किंग नहीं होने से सड़क पर जाम लगेगा। ट्रैफिक पुलिस चालान काट देगी। इसलिए पहले कहीं वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। तब ही कोई बात बन सकती है। पटना नगर निगम आयुक्त और ऑटो चालक संघ के साथ घंटों बैठक में आयुक्त द्वारा यह निर्णय लिया गया कि करबिगहिया रेलवे पार्किंग स्टैंड में व्यवस्था किया जा रहा है। लेकिन यूनियन के लोगों ने निगम के निर्णय पर सहमति नहीं जताई। ऑटो चालक संघ की मांग है कि कोई और वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। पर नगर निगम प्रशासन की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया, जिसके कारण ऑटो यूनियन में काफी रोष है।

इसे लेकर शुक्रवार से ही पूर्वी क्षेत्र के सभी ऑटो रिक्शा बंद कर हड़ताल पर जाने का ऐलान किया गया है। शनिवार को भी इस हड़ताल से कंकड़बाग, नाला रोड, हनुमान नगर, बाजार समिति, गाय घाट अगमकुआं जाने वाले सभी ऑटो रिक्शा और ई रिक्शा का परिचालन बंद रहेंगे।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.