मुजफ्फरपुर सर्किल का मुजफ्फरपुर शहरी डिवीजन-1 स्मार्ट प्रीपेड मीटर से लैस होने वाला पहला डिवीजन होगा। अगले सप्ताह इसकी आधिकारिक घोषणा की तैयारी है। इसको लेकर बीएसपीएचसीएल के सीनियर प्रोटोकॉल अधिकारी ख्वाजा जमाल, अधीक्षण अभियंता पंकज राजेश व कार्यपालक अभियंता विजय कुमार के साथ बैठक की गई। जिसमें एजेंसी (सिक्योर मीटर्स) को स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने के कार्य को जल्द से जल्द निपटाने का आदेश दिया गया है। दूसरी ओर, बिजली आपूर्ति लचर बनी हुई है।
कभी लाेकल फाॅल्ट ताे कभी लाेड शेडिंग की समस्या गंभीर है। शुक्रवार की शाम में भी लाेड शेडिंग की वजह से एसकेएमसीएच ग्रिड, भिखनपुरा ग्रिड, मुशहरी ग्रिड व माेतीपुर ग्रिड से जुड़े शहर के 75 प्रतिशत इलाकों में बिजली की भारी किल्लत रही। देर रात में ग्रिड में लोड शेडिंग की वजह से आधे से अधिक शहर में डूब गया। शहर के मिठनपुरा, क्लब रोड, अघोरिया बाजार, ब्रह्मपुरा, भगवानपुर, बीबीगंज, मोतीझील, अहियापुर, जीरोमाइल समेत कई इलाकों में घंटों अंधेरा छाया रहा।
स्थिति यह है कि एक-एक घंटा के रोटेशन पर बिजली मिल रही है। गुरुवार की रात भी मिस्काॅट सब स्टेशन से जुड़े इलाकों में तीन घंटे का लाेड शेडिंग रहा। वहीं माेतीपुर में पांच घंटे तक बिजली बंद रही। तकरीबन सभी इलाके में बिजली की आवाजाही से लाेग परेशान हैं।
कभी लोकल फॉल्ट को कभी लोड शेडिंग के बहाने काटी जा रही बिजली
शहरी डिवीजन-1 में अब तक 70 हजार प्रीपेड स्मार्ट मीटर इंस्टॉल
बीएसपीएचसीएल के सीनियर प्रोटोकॉल अधिकारी ख्वाजा जमाल ने कहा कि अर्बन-1 डिवीजन में 75,196 मीटरों में से 70,000 स्मार्ट प्रीपेड मीटर इंस्टॉल किए जा चुके हैं।दिसंबर तक बिहार में 25 लाख मीटर लग जाएंगे। जिसमें से अब तक लगभग 19 लाख घरों में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लग चुका है। मुजफ्फरपुर सर्किल के अधीक्षण अभियंता पंकज राजेश ने कहा कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने के कार्य को मिशन मोड में किया गया है।
बड़ा सवाल : तेज हवा का एक भी झोंका क्यों नहीं झेल पा रही लाइन
पूर्व मेयर सुरेश कुमार, हाईकाेर्ट में जनहित याचिका दायर करने वाले आचार्य चंद्रकिशाेर पराशर, सरपंच नंदन कुमार झा समेत शहर के लाेगाें का एनबीपीडीसीएल से सबसे बड़ा सवाल है कि जब प्रीपेड माेबाइल की तरह बिजली के लिए पहले रिचार्ज करा रहे हैं ताे बिजली कटाैती क्याें। मुजफ्फरपुर में ताे तेज हवा का एक भी झाेंका आपका सिस्टम बर्दाश्त क्यों नहीं कर पा रहा है। कभी मेंटेनेंस ताे कभी लाेकल फाॅल्ट के नाम पर घंटाें बिजली गुल रहती है। शुक्रवार काे भी मिस्काॅट से जुड़े इलाके में काम के नाम पर घंटाें बिजली गुल रही।




Comment here