Breaking News

Muz :अमृत भारत स्टेशन विकास योजना, 2025 तक जंक्शन का होगा पुनर्विकास

पूर्व मध्य रेलवे के मुजफ्फरपुर जंक्शन समेत 57 स्टेशनाें का अमृत भारत स्टेशन विकास याेजना के तहत साैंदर्यीकरण और पुनर्विकास कार्य हाेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र माेदी 6 अगस्त काे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इन कार्यों का शिलान्यास करेंगे। साेनपुर मंडल के जिन 10 स्टेशनों का चुनाव किया गया है उसमें मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, सोनपुर, नवगछिया, मानसी, खगड़िया, लखमिनिया, दलसिंहसराय, ढोली और रामदयालु नगर शामिल हैं। देशभर में 508 रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय स्टेशन के रूप में पुनर्विकास का शिलान्यास किया जाना है।

शुक्रवार काे साेनपुर डीआरएम विवेक भूषण सूद ने प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नियोजित सुविधाओं में रेलवे स्टेशनों तक सुगम पहुंच, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, बेहतर पार्किंग स्थान, दिव्यांगजन के अनुकूल बुनियादी ढांचा, हरित ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण अनुकूल भवन आदि बनाए जाएंगें। शिलान्यास कार्यक्रम में राज्यपाल, पूमरे के जीएम समेत जाेन व मंडल के अधिकारी के अलावा सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि व जिले के सभी अधिकारी शामिल हाेंगे।

शिलान्यास कल : वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पीएम करेंगे संबोधित; राज्यपाल, सांसद, विधायक कार्यक्रम में होंगे शामिल ​

एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं

  • सभी प्लेटफॉर्म को जोड़ने वाला 108 मीटर रूफ प्लाजा हाेगा।
  • यात्री द्वितीय तल से सीधे रूफ प्लाजा की ओर जा सकेंगे।
  • फूड प्लाजा एवं जरूरत की चीजों की बिक्री के लिए दुकानें होंगी।
  • प्रत्येक प्लेटफॉर्म के लिए लिफ्ट, एस्केलेटर की व्यवस्था हाेगी।
  • जंक्शन की दीवारों पर शाही लीची और मिथिला पेंटिंग उकेरी जाएंगी।
  • यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए समान और अच्छी तरह से डिजाइन किए गए साइनेज
  • मास्टर प्लान में उपयुक्त संपत्ति विकास का प्रावधान
  • भूनिर्माण में स्थानीय कला और संस्कृति को प्राथमिकता

दाे फेज में अगस्त 2025 तक एजेंसी को पूरा करना है जंक्शन का काम

मुजफ्फरपुर जंक्शन काे धार्मिक, पर्यटन के विकास सहित वर्ष 2065 तक यात्रियाें की क्षमता काे ध्यान में रखकर वर्ल्ड क्लास बनाना है। 2019-20 के सर्वे के अनुसार, हर दिन 53563 यात्री जंक्शन पर आते-जाते हैं। 2065 तक यह संख्या 76730 हाे जाएगी। उस वक्त आरक्षित टिकट लेकर 38365 यात्री यहां से सफर के लिए जाएंगे। मुजफ्फरपुर रेलवे जंक्शन काे ए-1 दर्जा प्राप्त है।

रेलवे बाेर्ड काे दे सकते हैं अपना सुझाव

रेलवे द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना काे लेकर आम आदमी भी अपना सुझाव दे सकता है। रेलवे बोर्ड की वेबसाइट पर लिंक उपलब्ध कराया है। जिसपर कोई भी अपने सुझाव दे सकता है। इन सुझावों को अमृत भारत स्टेशन योजना मे शामिल किया जाएगा। डीआरएम ने कहा कि मंडल में सभी 10 स्टेशनों पर जन भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सुबह 9 बजे से कार्यक्रम आयोजित होगा।

सोनपुर मंडल में इन स्टेशनों का चयन

मुजफ्फरपुर स्टेशन का 442 करोड़ रुपए, ढोली स्टेशन का 39 करोड़, रामदयालु नगर स्टेशन का 31 करोड़, लखमिनिया स्टेशन का 27 करोड़, खगड़िया स्टेशन का 34 करोड़, मानसी स्टेशन का 20.8 करोड़, सोनपुर स्टेशन का 23.7 करोड़, नौगछिया स्टेशन का 22.7 करोड़, हाजीपुर स्टेशन का 21 करोड़ तथा दलसिंहसराय स्टेशन का 19.6 करोड़ रुपए की लागत से पुनर्विकास कार्य किया जाएगा।

एडीआरएम ने जंक्शन पर तैयारियों का लिया जायजा

कार्यक्रम की तैयारी को लेकर शुक्रवार काे साेनपुर मंडल के एडीआरएम ने स्टेशन डायरेक्टर मनाेज कुमार, रेल डीएसपी अतनु दत्ता व नवीन कुमार, स्टेशन अधीक्षक अखिलेश कुमार सिंह, आरपीएफ इंस्पेक्टर मनाेज कुमार यादव, थानाध्यक्ष दिनेश कुमार साहू, डीसीआई नीरज पांडेय के साथ जायजा लिया। उन्होंने पंडाल निर्माण का जायजा लेने के बाद शनिवार तक मंच व डी एरिया तैयार कर लेने का निर्देश दिया। वहीं सर्कुलेटिंग एरिया व स्टेशन राेड के गड्ढाें काे भरने आदि का निर्देश दिया। कहा कि 6 अगस्त काे सर्कुलेटिंग एरिया में एक भी गाड़ी पार्क नहीं हाेगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.