नई दिल्ली. दिल्ली हवाई अड्डे पर मंगलवार को इंजन रखरखाव कार्य के दौरान स्पाइसजेट के एक विमान में आग लग गई. एयरलाइन कंपनी का कहना है कि विमान और रखरखाव कर्मी सुरक्षित हैं. बयान में कहा गया, ’25 जुलाई को, रखरखाव के तहत स्पाइसजेट Q400 विमान, निष्क्रिय पावर पर इंजन ग्राउंड रन करते समय, एएमई ने इंजन 1 पर आग की चेतावनी देखी.’ उन्होंने आगे कहा, तुरंत विमान के अग्निशामक को एक्टिव कर दिया गया. एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड को बुलाया गया. विमान और रखरखाव कर्मी सुरक्षित हैं.’
आग लगने की घटना ऐसे समय में हुई है, जबकि एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि विमानन नियामक डीजीसीए ने स्पाइसजेट को अपनी बढ़ी हुई निगरानी व्यवस्था से हटा दिया है. प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना कर रही एयरलाइन को हाल ही में बढ़ी हुई निगरानी में रखा गया था.
डीजीसीए के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अपर्याप्त रखरखाव और पिछले साल मानसून के दौरान हुई घटनाओं के मद्देनजर स्पाइसजेट को बढ़ी हुई निगरानी में रखा गया था. अधिकारी ने कहा, ‘ऐसे में पूरे भारत में 11 स्थानों पर बोइंग 737 और बॉम्बार्डियर डीएचसी क्यू-400 विमानों के बेड़े की 51 जांच की गईं. इस दौरान कुल 23 विमानों का निरीक्षण किया गया. डीजीसीए दलों ने 95 टिप्पणियां कीं.’
उन्होंने कहा कि निष्कर्ष सामान्य प्रकृति के थे और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने उन्हें महत्वपूर्ण नहीं माना. अधिकारी ने कहा, ‘डीजीसीए दिशानिर्देशों के अनुसार टिप्पणियों पर एयरलाइन ने उचित कार्रवाई की, जिसके चलते स्पाइसजेट को डीजीसीए की बढ़ी हुई निगरानी व्यवस्था से हटा दिया गया है.’




Leave a Reply