Breaking News

सूखे की स्थिति:खेतों में दरारें, मुजफ्फरपुर के 6 प्रखंडों के गांवों में चापाकल सूखे

लगातार बारिश नहीं हाेने और भू-जलस्तर अत्यधिक गिर जाने के कारण सूखे की स्थिति विकराल हाे गई है। धान के खेतों में फटी दरारें लगातार बढ़ती जा रही हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि औराई, कटरा, सकरा, मुराैल, बंदरा और मीनापुर प्रखंड के गांवों में चापाकल सूख चुके हैं। दिन में माेटर पंपसेट पानी नहीं उगल रहे। ग्रामीण नलजल योजना से दाे-दाे साै मीटर दूर तक पाइप के सहारे घरों तक पीने का पानी पहुंचा रहे हैं। पेयजल की विकराल होती स्थिति देख ग्रामीण भी अब किसानों से सिंचाई के लिए पंपसेट नहीं चलाने का आग्रह कर रहे हैं।

ज्ञात हाे कि हर साल बाढ़ से त्रस्त रहने वाले मीनापुर, औराई, कटरा, गायघाट और बंदरा प्रखंड के गांवों में इस साल पहली बार चापाकल सूखे हैं। कल्याणपुर गांव के विनय राय बताते हैं कि पहले कभी ऐसी स्थिति नहीं हुई। कटरा के रामलला यादव ने कहा कि पटवन के तीसरे दिन ही खेत में दरार की स्थिति बन जाती है। मौसम विभाग के अनुसार, इससे पहले वर्ष 2018 में ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई थी। तब भी मई में 94 मिमी, जून में 44 मिमी और जुलाई में 170 मिमी बारिश हुई थी। धान की फसल सूख गई थी।

बागमती में थोड़ा ही पानी, इस नदी के दाेनाें ओर तीन दर्जन से अधिक गांवों की स्थिति विकराल

बागमती में थाेड़ा ही पानी है और इसकी पुरानी धारा अब तक सूखी है। चैनपुर धरहरवा के पैक्स अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बताया कि चापाकलों के सूखने से पीने के पानी की किल्लत हाे गई है। आसपास के 20 गांवों में सिंचाई के लिए पंपसेट चलाने पर प्रशासन द्वारा पाइप काट देने और माेटर हटाने का आग्रह किया जा रहा है। हालांकि, औराई थानाध्यक्ष ने इससे इनकार किया है।

पटना समेत एक दर्जन से अधिक जिलों में आज शुष्क रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, 25 जुलाई को पटना समेत गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद व अरवल में मौसम शुष्क रहेगा। जबकि सीवान, सारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, पूर्णिया व कटिहार में हल्की बारिश हो सकती है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.