Breaking News

गंडक में 27000 क्यूसेक पानी बढ़ा…10 दिनों तक होगी बारिश:नेपाल में लगातार बारिश से बगहा के लोगों को मिली राहत

नेपाल के तराई क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। गंडक नदी के जल स्तर में वृद्धि दर्ज की गई है। इसका जलस्तर बढ़कर 1 लाख 4 हजार क्यूसेक पहुंच गया है। इसी तरह से जलस्तर बढ़ता रहा तो अगले 24 घंटों में 2 से 2.5 लाख तक क्यूसेक पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।

जलस्तर बढ़ने से जाहिर हो रहा है कि नेपाल के तराई क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। आज 2 घंटों में ही गंडक के जल स्तर में 27 हजार क्यूसेक का इजाफा हुआ है। हालांकि इस पानी से किसी तरह का नुकसान नहीं है।

दरअसल, सोमवार रात से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में तराई क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं अगले 10 दिनों तक 70-80 प्रतिशत, तो किसी दिन 90 प्रतिशत की बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग का अनुमान सही हुआ तो गंडक नदी एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाएगी।

बगहा में हो रही लगातार बारिश

बगहा और आसपास क्षेत्र में मंगलवार सुबह से ही लगातार बारिश हो रही है। इसके कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है। 15 दिन बाद एक बार फिर बारिश की शुरुआत हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 10 दिनों तक ऐसे ही बारिश की संभावना जताई जा रही है।

इस तरह की बारिश धान की खेती के लिए काफी फायदेमंद होती है। इसे लेकर किसानों के अंदर खुशी है। हालांकि, किसानों को यह डर सता रहा है कि कहीं बारिश रुक ना जाए।

तापमान में आई गिरावट

बगहा में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहने की संभावना जताई जा रही है। वहीं अगले पांच से सात दिनों तक यह तापमान बना रहेगा। दो दिन पहले का तापमान अधिकतम 36 डिग्री सेल्सियस था। कल तापमान 35 डिग्री सेल्सियस था। बारिश के कारण तापमान में तेजी से गिरावट आई है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.