राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव का आज जन्मदिन है। तेज प्रताप 31 साल के हो गए। हर साल अपना जन्मदिन धूमधाम से मनाने वाले तेज प्रताप का सेलिब्रेशन लॉकडाउन की वजह से फीका पड़ गया। जन्मदिन के मौके पर तेज प्रताप अपनी मां राबड़ी देवी का आशीर्वाद लेने पहुंचे। मां के चरण छुकर तेज प्रताप ने केक काटा।

तेज प्रताप ने मां के साथ फोटो ट्वीट कर लिखा कि “रब हर एक मां को सलामत रखना वरना हमारे लिए दिल से दुआ कौन करेगा। मां की दुआ वक्त तो क्या नसीब भी बदल देती है। भगवान से प्रार्थना करता हूं कि मुझे हर जन्म में इसी मां की कोख और प्यार नसीब हो। कोटि-कोटि प्रणाम मां”। पिता को याद करते हुए तेज प्रताप भावुक हो गए। उन्होनें पिता लालू प्रसाद को याद करते हुए लिखा ‘मिस यू पापा’।
लॉकडाउन से प्रभावित लोगों को खाना खिलाएंगे तेज प्रताप
जन्मदिन के मौके पर तेज प्रताप ने लॉकडाउन से प्रभावित लोगों को खाना खिलाने की पहल की। उन्होंने ‘लालू की रसोई’ नाम से इस पहल की शुरुआत की। तेज प्रताप ने ट्वीट कर लिखा कि अपने 31वें जन्मदिन के मौके पर लॉकडाउन की वजह से प्रभावित परिवारों को खाना खिलाने का फैसला किया है।

बता दें कि तेज प्रताप हर साल अपने जन्मदिन के मौके पर एक कार्यक्रम का आयोजन करते हैं। उनके कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ता समेत सैकड़ों लोग बधाइयां देने आते हैं। लॉकडाउन की वजह से बहुत कम लोग उनसे मुलाकात कर पाए। लोगों ने तेज प्रताप को फोन और ट्वीट कर जन्मदिन की बधाई दी।




Leave a Reply