साढ़े सात साल बाद राहुल गांधी आज सदाकत आश्रम पहुंचे हैं। शुक्रवार सुबह 10 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ पटना पहुंचे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनका एयरपोर्ट पर स्वागत किया। इसके बाद वे सीधे कांग्रेस प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम पहुंचे। राहुल गांधी ने कहा कि अब देश समझ गया है मोदी और भाजपा सिर्फ 2-3 लोगों को फायदा पहुंचाएगी, जबकि कांग्रेस का मतलब गरीबों के लिए काम करना है।
सदाकत आश्रम में राहुल गांधी का आधे घंटे का कार्यक्रम हुआ। इसके बाद वे विपक्षी एकता के लिए बुलाई गई बैठक में शामिल होने निकल गए। सदाकत आश्रम में उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा के समय घायल मजदूर चंदन कुमार को घर की चाबी सौंपी। यूथ कांग्रेस ने उनका घर 8 लाख रुपए में बनवाया है। राहुल गांधी ने सदाकत आश्रम में बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण भी किया।

सदाकत आश्रम पहुंचे कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे और राहुल गांधी।
बीजेपी को हराने के लिए एकसाथ मिलकर लड़ेंगे – राहुल गांधी
वहीं राहुल गांधी ने कहा कि देश में दो विचारधारा की लड़ाई चल रही है। एक हमारी भारत जोड़ो की और एक तरफ भाजपा की भारत तोड़ो विचारधारा की…भाजपा हिंदुस्तान को तोड़ने, नफरत और हिंसा फैलाने का काम कर रही है। कांग्रेस जोड़ने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा बिहार के डीएनए में है। क्योंकि भारत जोड़ो पदयात्रा के दौरान मुझे हर स्टेट में बिहार के लोग मिले। उन्होंने कहा कि पटना में आज देश के सभी अपोजीशन की पार्टी आई है। हम सब एक साथ मिलकर बीजेपी को हराएंगे। उन्होंने कहा कि पूरा देश समझ गया है कि नरेंद्र मोदी और भाजपा का मतलब सिर्फ 2-3 लोगों को फायदा पहुंचाना है वहीं कांग्रेस का मतलब देश के गरीबों के साथ खड़े होना और उनके लिए काम करना है।
बिहार जीत गए तो देश में जीत जाएंगे- मल्लिकार्जुन खड़गे
सदाकत आश्रम में आयोजित सभा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि इस कांग्रेस ऑफिस से जो भी नेता निकला वे देश के आजादी के लिए लड़ा। हमें गर्व है कि देश के पहले राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद जी इसी धरती से थे। अगर हम बिहार जीत गए तो सारे भारत में हम जीत जाएंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में मिलकर लड़ने के लिए राहुल गांधी ने बड़ा कदम उठाया। इसलिए हमलोग एकता की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। इसके लिए हम पटना आएं हैं।



Leave a Reply