Breaking News

नालंदा के बिहटा सरमेरा टू-लेन पर हादसा:ट्रक और कार के बीच हुई सीधी भिड़ंत, कार सवार 3 लोग जख्मी; हायर सेंटर रेफर

नालंदा में बिहटा-सरमेरा टू-लेन पर सोमवार को ट्रक और कार की टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मामला बिंद थाना क्षेत्र अंतर्गत जहाना मोड़ के समीप का है। दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। जबकि ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा पलटी।

घटना के बाद सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने इलाज के लिए बिंद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घायलों की पहचान पटना के अर्पणा कुमारी, सुरेंद्र प्रसाद सिंह और नौबतपुर के अनहिला गांव निवासी सुरेंद्र कुमार के रूप में की गई।

घटना के बारे में बताया जाता है कि कार सवार सभी लोग पटना से देवघर किसी काम को लेकर जा रहे थे। तभी बिंद थाना क्षेत्र के जहाना मोड़ के समीप शेखपुरा से आ रही गिट्टी लोड ट्रक और कार में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस घटना में कार पर सवार ड्राइवर समेत तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जबकि ट्रक चालक और उप चालक मौके से फरार हो गया।

बिंद थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि ट्रक और कार को जब्त कर लिया गया है। घायलों को इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। कार के सवार घायलों के परिजनों को घटना के बारे में जानकारी दे दी गई। लिखित आवेदन मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.