शहर के चंदवारा स्थित लकड़ीढाई पुल के एप्राेच पथ का निर्माण एक बार फिर फंस गया है। इसके लिए ताे राशि की कमी थी ही, अब मुशहरी अंचल कार्यालय के फेर में इसके एप्रोच पथ का निर्माण रुक गया है। मुशहरी अंचल कार्यालय द्वारा एप्राेच पथ के लिए भू अर्जन की जानेवाली 1.58 एकड़ गैरमजरुआ जमीन की जमाबंदी कायम कर दी गई है। इससे भू अर्जन एक बार फिर रुक गया है। लकड़ीढाई पुल के निर्माण की प्रक्रिया 2012 में ही शुरू हुई थी।
2016 में पुल बनकर तैयार हाे गया। लेकिन, 7 साल से वह दाेनाें तरफ एप्राेच पथ बनने के इंतजार में लटका हुआ है। इस बीच डीएम प्रणव कुमार ने पिछले साल से विशेष पहल की। आवंटन के लिए पुल निर्माण निगम से लगातार पत्राचार किया। हालांकि, निगम ने अबतक भू अर्जन के लिए जरूरी राशि 58.60 कराेड़ का आवंटन नहीं दिया है। सीएम नीतीश कुमार ने निर्देश दिया तब 3 किस्ताें में 26.60 कराेड़ रुपए दिए गए।
भू-अर्जन के लिए लगा था कैंप : 26.60 करोड़ में भूधारियाें काे हाे चुका है 20 कराेड़ का भुगतान
सीएम नीतीश कुमार के साथ बैठक में बाेचहां विधायक अमर पासवान ने इस पुल के एप्रोच पथ का मामला उठाया था। डीएम प्रणव कुमार ने इसे प्राथमिकता सूची में रखा व आवंटन मिलते भू अर्जन के लिए विशेष कैंप लगवाया। पुल निर्माण निगम से मिले 26. 60 करोड़ रुपए में करीब 20 कराेड़ का भूधारियाें काे भुगतान भी कर दिया गया है।
लेकिन चंदवारा चादर नंबर 2 में 1.58 एकड़ गैरमजरुआ जमीन का मुशहरी अंचल कार्यालय से जमाबंदी कायम कर देने से मामला फंस गया। अंचल कार्यालय उक्त जमीन की लगातार लगान रसीद भी काट रहा है। डीएम ने मुशहरी सीओ से खाता संख्या 50 व खेसरा संख्या 68 की 1.58 एकड़ जमीन के बारे में पूछा है कि इस गैरमजरुआ जमीन की किस आधार पर जमाबंदी कायम की गई। लगान रसीद काटे जाने के संबंध में भी जानकारी मांगी है।



Comment here