Breaking News

सांसदों के फर्जी लेटरहेड का मामला:सांसदों व रसूखदार अधिकारियों से साठगांठ कर सत्यजीत ने पांच साल में करोड़ों की संपत्ति बनाई

सांसदाें के फर्जी लेटरहेड से रेल टिकट कंफर्म कराने के मामले में गिरफ्तार मुख्य सरगना सत्यजीत प्रकाश परत दर परत राज खाेल रहा है। पूछताछ में उसने अधिकारियाें काे बताया कि वह दिल्ली में रहकर रसूखदार अधिकारियाें और सांसदाें से साठगांठ रखता था। इसमें उसकी पत्नी काफी मददगार साबित हुई। सांसदाें, मंत्रियाें व उनके आईएएस रैंक के पर्सनल सेक्रेटरी से पहचान बनाई। पहचान के बाद नजदीकी बढ़ने पर उनसे लेटरहेड लेता था और फिर उसकी नकल बना कर एचओ काेटा से टिकट कंफर्म कराने का खेल करता था।

पांच साल में उसने कराेड़ों रुपए की संपत्ति खड़ी कर ली। आरपीएफ सूत्राें के अनुसार, 2018 में उसपर सारण के सांसद के फर्जी लेटरहेड पर फर्जी रूप से एचओ काेटा से बर्थ कंफर्म कराने के मामले में साेनपुर में केस दर्ज है। इधर, सूत्राें से मिली जानकारी के अनुसार, गिरिराज सिंह के 15 लेटरहेड, जनजाति कल्याण राज्य मंत्री प्रमाेद कुमार के 12, राधामाेहन सिंह के 10, सुशील कुमार सिंह के 8, संजय सिंह के 11, संजय जायसवाल के 9, अजय निषाद के 3, चिराग पासवान के 14, कनिमाेझी के 8 और रविकिशन के 6 फर्जी लेटरहेड पर एचओ काेटा से वर्ष 2022 में रेल टिकट कंफर्म कराया।

सूत्राें की मानें ताे सत्यजीत प्रकाश ने गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई बड़े नेताओ के फर्जी लेटरहेड पर एचओ काेटा कंफर्म कराया। हालांकि, सत्यजीत ने पुलिस काे बताया कि गृहमंत्री जब भाजपा के अध्यक्ष थे, उस समय उनके लेटरहेड का इस्तेमाल कर एचओ काेटा से बर्थ कंफर्म कराता था। बता दें कि आरपीएफ ने सत्यजीत के घर से विभिन्न सांसदाें के 313 लेटरहेड बरामद किए थे। इसकी जांच चल रही है।

एचओ कोटा से रेल टिकट लेने वालों से भी संपर्क करेगी जांच टीम

इधर, पूछताछ के बाद सत्यजीत काे गुरुवार काे साेनपुर रेल न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बताया जाता है कि एचओ कोटा से रेल टिकट लेने वालों से भी अनुसंधानकर्ता संपर्क करेंगे और पता करेंगे कि आखिर सत्यजीत बर्थ कंफर्म कराने के लिए कितना पैसा लेता था। आरपीएफ अधिकारियाें ने सुरक्षा कारणाें से उनके नाम बताने से इनकार किया है। कहा कि अनुसंधान में जाे सामने आएगा, इसके बाद ही सार्वजनिक किया जाएगा।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.