Breaking News

कोरोमंडल एक्सप्रेस ट्रेन के हादसे के बाद की तस्वीरें, एक्सीडेंट इतना भयानक कि डिब्बे बुरी तरह हुए तबाह

नई दिल्‍ली. ओडिशा में एक भीषण ट्रेन हादसा सामने आया है. कोरोमंडल एक्सप्रेस ट्रेन एक मालगाड़ी से टकरा गई. यह हादसा बालासोर जिले में बहानागा रेलवे स्टेशन के करीब हुआ. प्रारंभिक सूचना के मुताबिक 350 लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है. बताया जा रहा है कि 50 लोग इस हादसे में अपनी जान गंवा चुके हैं. हालांकि अभी इस संबंध में कुछ भी औपचारिक तौर पर रेलवे की तरफ से नहीं बताया गया है,

कोरोमंडल एक्सप्रेस ट्रेन पश्चिम बंगाल के शालीमार स्‍टेशन से तमिलनाडु की राजधानी चेन्‍नई के बीच चलती है. यह एक सुपर फास्ट ट्रेन है. रेलवे की तरफ से दी गई औपचारिक जानकारी के अनुसार ट्रेन के 10 से 12 डिब्‍बे शाम 7 बजे डिरेल होकर पलट गए. यह डिब्‍बे दूसरे तरफ की पटरी पर जाकर गिरे. थोड़ी देर बाद दूसरे ट्रैक पर यशवंतपुर से हावड़ा जाने वाली ट्रेन आई जो इन डिब्‍बों से टकरा गई, जिससे हादसा और बड़ा हो गया

टक्‍कर इतनी भीषण थी कि कोरोमंडल एक्सप्रेस ट्रेन के कोच में फंसे यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. मामले की सूचना मिलते ही राहत और बचाव का काम शुरू किया गया. ट्रेन में फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने का काम देर रात तक जारी है. सबसे पहले स्‍थानीय लोग ही ट्रेन में फंसे लोगों की मदद के लिए आगे आए. 

घायलों को इलाज के लिए बालासोर मेडिकल कॉलेज, सोरो और गोपालपुर में कम्‍यूनिटी हेल्‍थ सेंटर और खंतापाड़ा के प्राथमिक उपचार केंद्र में ले जाया गया है. जहां उनका इलाज जारी है. इस दौरान कई पैसेंजर ऐसे भी हैं जिन्‍हें गंभीर चोटे आई हैं

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.