9वीं और 10वीं का सिलेबस समय पर खत्म हो, इसके लिए अब दूरदर्शन पर कक्षाएं चलाई जाएंगी. बिहार शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा चलाये जा रह स्मार्ट क्लास की पढ़ाई दूरदर्शन के माध्यम से छात्र कर सकेंगे. इसकी तैयारी पूरी कर ली गयी है. हर दिन सुबह 11 से 12 बजे तक कक्षाएं चलेंगी. इसका फायदा प्रदेश भर के लगभग 30 लाख छात्र और छात्राओं को घर बैठे मिलेगा. आधे घंटे नौवीं की और आधे घंटे 10वीं की कक्षाएं चलेंगी. विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो, सारे सिलेबस समझ में आए, इसके लिए वीडियो तैयार किये गए हैं.
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद की मानें तो 15 अप्रैल से इसे शुरू किया जा सकता है. हर दिन एक चैप्टर की पढ़ाई होगी. एक दिन में दो विषयों के लिए एक-एक चैप्टर शुरू होगा. हर दिन के लिए 15-15 मिनट का वीडियो तैयार किया गया है. एक सप्ताह में किसी एक विषय का एक चैप्टर खत्म होगा. फिलहाल अभी एक महीने का 30 घंटे से ज्यादा का वीडियो तैयार कर लिया गया है.

दूरदर्शन पर पढ़ाई और उन्नयन एप पर सवाल-जवाब : सभी विद्यार्थी दूरदर्शन पर एक घंटे की कक्षा करेंगे. अगर छात्र के मन में किसी तरह का सवाल आयेगा तो छात्र उन्नयन एप पर पूछ सकते हैं, उन्नयन एप के माध्यम से छात्र को तुरंत जवाब मिलेगा. बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के इकोवेशन संस्था के रितेश कुमार ने बताया कि उन्नयन एप से प्रदेश भर के एक लाख 45 हजार छात्र और छात्राएं जुड़ चुके हैं. इससे पढ़ाई के साथ-साथ सवाल और जवाब भी मिलता रहेगा.
किताब में दिये गये चैप्टर के अनुसार ही चलेगा वीडियो : नौंवी और 10वीं के सभी विषयों की किताबों में जिस तरह से चैप्टर दिये गये हैं, उसी के अनुसार वीडियो बनाया गया है. वीडियो में शिक्षक की आवाज रहेगा. जो कक्षा में पढ़ाते हुए नजर आएंगे. चैप्टर वाइज पढ़ाई होगी. जैसे नौंवी कक्षा में विज्ञान के गति चैप्टर से और 10वीं में रासायनिक अभिक्रिया चैप्टर के कक्षा से शुरू होगा.





Leave a Reply