भोजपुर में शुक्रवार रात एक दूल्हे की जमकर पिटाई कर दी गई। मनचलों ने दूल्हे को रथ से उतारकर बेहोश होने तक पीटा। दुल्हन इंतजार करती रही। बाद में लड़की के पिता दूल्हे से मिलने अस्पताल पहुंचे। मामला उदवंतनगर थाना क्षेत्र के खलिसा गांव के पास का है।
शुक्रवार को 21 साल के अमन कुमार पासवान की बारात निकल रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने बारात में डांस कर रही लड़कियों के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। दूल्हे ने इसका विरोध किया तो उन लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बारात में शामिल लोगों के साथ भी मारपीट हुई है।
मारपीट के बाद दूल्हा मौके पर ही बेहोश हो गया। परिवार वाले उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां गंभीर हालत में उसका इलाज जारी है। घायल दूल्हा उदवंतनगर थाना क्षेत्र के खलीसा गांव निवासी रणधीर पासवान का बेटा अमन कुमार पासवान है।

बदमाशों ने दूल्हे को बेहोश होने तक पीटा। अस्पताल में परिवार के साथ दूल्हा।
दूल्हे की बड़ी मां मीना देवी ने बताया कि उनके बेटे अमन पासवान की शादी चांदी थाना क्षेत्र के जोकटा गांव निवासी सत्येंद्र पासवान की बेटी गुड़िया से तय हुई थी। शुक्रवार को सभी लोग बारात ले जाने की तैयारी कर रहे थे।
सभी लोग परछावन का कार्यक्रम को लेकर बड़े ही धूमधाम से गांव में ही स्थित सीवान जा रहे थे। उसी दौरान बारात में नाच रही लड़कियों के साथ बीच रास्ते में गांव के ही मनचले छेड़खानी करने लगे। वे लड़कियों का दुपट्टा खींच रहे थे।
ऐसे में जब दूल्हे और बारातियों ने इसका विरोध किया तो ने उन युवकों से तीखी नोकझोंक हो गई। जिसके बाद मनचलों ने अपने साथियों के साथ मिलकर मां के साथ रथ पर बैठे दूल्हे को उतार दिया।
फिर लात–घूंसे से उसकी जमकर पिटाई कर दी। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इसके बाद उसे परिजन इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लेकर आए। जहां उसका इलाज कराया जा रहा है।
Leave a Reply