बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री के आने से पहले बिहार में जमकर राजनीति हो रही है। पटना से सटे नौबतपुर के तरेत पाली में 13 मई से लेकर 17 मई तक उनकी हनुमान कथा होने वाली है। सियासत के बीच हनुमान कथा के लिए बिहार के सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी प्रसाद यादव समेत सभी दलों के बड़े नेताओं को भी आमंत्रण दिया गया है।
कार्यक्रम में भाजपा नेता और सांसद मनोज तिवारी भी आएंगे। 15 मई को बाबा धीरेंद्र शास्त्री लोगों के मन के सवाल का जवाब देंगे। भीड़ में से किसी को भी बुलाकर वो उसके मन में चल रही समस्या और उसके समाधान पर बात करेंगे।
30 एकड़ में हो रही तैयारी
इधर, धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम को लेकर भव्य तैयारी भी की जा रही है। 30 एकड़ में एक नगर बसाया गया है। सिर्फ 3 लाख स्क्वायर फीट में भव्य पंडाल बन रहा है। यही जानकारी आयोजन समिति के मुख्यालय प्रमुख अमरेंद्र कुमार ने दी।
14 मई को इस कार्यक्रम में बीजेपी सांसद मनोज तिवारी भी शामिल होंगे। अमरेंद्र कुमार ने बताया कि मनोज तिवारी भजन गाने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने बिहार के तकरीबन हर नेता को निमंत्रण दिया है चाहे वह किसी दल का हो।

कार्यक्रम को लेकर आयोजन समिति जोर-शोर से तैयारियां कर रही है।
5 हजार स्क्वायर फीट में बनेगा बाबा का स्टेज
धीरेंद्र शास्त्री बाबा के कार्यक्रम में बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों से श्रद्धालु आने वाले हैं। इसको लेकर तरेत पाली मठ पर तीन लाख स्क्वायर फीट में भव्य पंडाल बनाया जा रहा है। बाबा बागेश्वर के लिए पांच हजार स्क्वायर फीट में स्टेज बनाया जा रहा है।
पार्किंग की व्यवस्था 15 लाख स्क्वायर फीट में की जा रही है। इसके अलावा लोगों के ठहरने के लिए भी इंतजाम किए जा रहे हैं। आयोजकों का कहना है कि यहां पर मेडिकल सुविधा से लेकर भंडारे तक की सुविधा है। ताकि श्रद्धालुओं को कोई परेशानी ना हो। साथ ही महिलाओं के ठहरने के लिए भी अलग से व्यवस्था की गई है।



Leave a Reply