Breaking News

शादी के कुछ देर बाद दूल्हा-दुल्हन की मौ’त:नालंदा में शादी के बाद लौट रहे थे घर, ट्रैक्टर ने कार में मारी टक्कर

नालंदा में शादी के चंद घंटों बाद ही दूल्हा-दुल्हन की दर्दनाक मौत हो गई। विदाई के बाद दोनों घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार को बालू लदे ट्रैक्टर-टॉली ने टक्कर मार दी। मौके पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया।

हादसा गिरियक थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव में हुआ। दोनों के परिवार में कोहराम मच गया है।

शादी शुक्रवार की रात हुई थी। शनिवार को विदाई के बाद दुल्हन पति के साथ ससुराल जा रही थी। बख्तियारपुर-रजौली फोरलेन पर ट्रैक्टर ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में दूल्हे का बहनोई गंभीर रूप से घायल

पुष्पा और श्याम की शादी के दौरान ली गई तस्वीर।

पुष्पा और श्याम की शादी के दौरान ली गई तस्वीर।

दुल्हन गिरियक थाना क्षेत्र के सतौआ गांव निवासी कारू चौधरी की बेटी पुष्पा कुमारी (20) है। वहीं, दूल्हा नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र के महाराणा गांव के रहने वाले तुला चौधरी के बेटे श्याम कुमार (27) है। हादसे में ड्राइवर बाल-बाल बच गया है। वहीं दूल्हे का बहनोई गंभीर रूप से घायल है। जिसका इलाज वर्धमान आयुर्विज्ञान संस्थान पावापुरी में चल रहा है।

अवैध बालू लोड ट्रैक्टर से हुआ हादसा

शुक्रवार की रात नवादा से बारात चलकर नालंदा पहुंची थी। शादी की रस्में पूरी होने के बाद दूल्हा अपनी दुल्हन को लेकर घर लौट रहे थे। इसी बीच हसनपुर गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रही अवैध बालू लोड ट्रैक्टर ने कार में टक्कर मार दी। इससे कार का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर पुष्पा और श्याम की मौत हो गई।

कार में सटे शादी के पंपलेट से हुई पहचान

सड़क से गुजर रहे लोगों ने कार में सटे शादी के पंपलेट से दूल्हा दुल्हन की पहचान की। इसके बाद दोनों के परिवार को घटना की सूचना दी गई। पुष्पा कुमारी 6 भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। वहीं, श्याम कुमार पांच भाइयों में सबसे छोटा था। श्याम कुमार घर पर ही रह कर बच्चों को ट्यूशन और कोचिंग पढ़ाते थे।

क्या बोले थानाध्यक्ष

शादी वाले घर में खुशियां कुछ घंटों में ही मातम में बदल गई। एक साथ दो घरों में कोहराम मच गया। गिरियक थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। ट्रैक्टर को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.