Breaking News

छपरा में दो गुटों में खूनी झड़प:4 पर चाकू से वार, PMCH रेफर, पूर्व रंजिश और सट्टेबाजी से जुड़ा हो सकता मामला

छपरा में शुक्रवार की देर शाम दो गुटों की खूनी झड़प में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सदर अस्पताल में इलाज के बाद उनको पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया है। घटना नगर थाना क्षेत्र के खनुआ कोरार मोहल्ले की है। घटना के बाद सदर अस्पताल में लोगों का जमावड़ा लग गया। मौके पर तनाव की स्थिति हो गई। सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल वहां तैनात थी।

घायल युवकों की पहचान मो. साहिल (18 वर्ष), मो. ढिल्लू (22 वर्ष) पिता छेलु कुरैशी, सैफी आलम (18 वर्ष) पिता मो. शमीम और मो. मुश्किन (24 वर्ष) पिता छेलु कुरैशी के रूप में हुई है। चारों घायल युवक खनुआ कोरार टोला के निवासी बताए जा रहे। घायलों में दो लड़कों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। घटना के स्पष्ट कारण का पता नहीं चल पाया है, लेकिन दोनों गुट में पुरानी रंजिश बताई जा रही है।

घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस को तैनात किया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों गुट में पूर्व में भी विवाद हो चुका है, लेकिन स्थानीय स्तर पर परिजनों द्वारा मामले को खत्म करा लिया गया। जहां घटना हुई वो इलाका अवांछित तत्व और अवैध कारोबार के लिए हमेशा से चर्चा में रहा है। शराब, जुआ और आईपीएल में सट्टा का बाजार जोरों पर चलता है। इस घटना को भी पूर्व रंजिश के साथ आईपीएल सट्टा से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि मामले के खुलासा और अभियुक्तों के गिरफ़्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

घटना के बाद पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी के रूप में तब्दील हो गया। सारण एसपी गौरव मंगला सहित तमाम बड़े अधिकारी देर रात तक कैंप करने पहुंचे। घायल लड़कों के परिजनों के दिए आवेदन के अनुसार घटना में सम्मिलित लड़कों की गिरफ़्तारी के लिए एसआईटी का गठन कर छापेमारी की जा रही है। खनुआ कोरार मोहल्ले में भारी संख्या में पुलिस की प्रतिनियुक्ति की गई है।

एसपी गौरव मंगला ने बताया कि दो गुटों के आपसी विवाद में अपराधियों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है। फिलहाल सभी आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटनास्थल और घायलों की स्थिति सामान्य है। घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। अभी स्थिति अंडर कंट्रोल है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.