पटना में गुरुवार को ऑटो और ई-रिक्शा चालकों की हड़ताल है। इसकी वजह से सुबह से ही लोगों को काफी परेशानी हो रही। सड़कों पर लोग पैदल चल रहे क्योंकि उनको गाड़ी नहीं मिल रही है। खास कर स्टेशन, बस स्टैंड और अस्पताल आने-जाने वाले लोगों को आज काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ऑटो और ई-रिक्शा चालक रूट तय करने का विरोध कर रहे हैं। उनकी मांग है कि उन्हें पूरे शहर के हर रूट पर चलने दिया जाए। इसका परमिट उन्हें मिले।
हड़ताल के चलते यात्री परेशान हैं। गाड़ियों का इंतजार कर रहे, लेकिन आज हड़ताल के कारण उनको ना ही ऑटो मिल रहा और ना ही ई रिक्शा। ऐसे में सरकारी बस ही आने जाने का एकमात्र जरिया है। जो लगभग सभी रूटों पर चल रही है, लेकिन इसमें काफी भीड़ हो रही है। शहर में 145 सरकारी सिटी बसें चल रही हैं। वहीं, करीब 50 मिनी बस भी चल रहीं हैं।

सड़क पर परेशान हो रहे लोग।हड़ताल का जायजा लेते हुए लोगों से बातचीत की है…
बच्चे को स्कूल से लाने में परेशानी: प्रीति वर्मा
ऑटो का इंतजार करतीं प्रीति वर्मा ने कहा कि बच्चे को स्कूल से लाने जाना है, लेकिन ऑटो बंद होने से बहुत परेशानी हो रही है। बच्चा स्कूल में मेरा इंतजार कर रहा है। मेरे पति ने उसे स्कूल ड्रॉप किया था, लेकिन वह अभी किसी काम से पटना से बाहर चले गए हैं। अब मुझे समझ नहीं आ रहा की मैं अपने बेटे को स्कूल से कैसे लाऊं?
आशा देवी सुबह 8 बजे से ही मीठापुर से पैदल चलकर पहुंची। उनका कहना है कि मीठापुर से पैदल चलकर बोरिंग रोड तक पहुंची हूं। मुझे मेरे बच्चे का इलाज कराना है। सुबह 8 बजे से मैं घर से निकली हूं। अब चलते चलते थक कर यहां बैठ गई हूं, मुझे अभी और आगे जाना है। बच्चे का इलाज कराना बहुत जरूरी है। मेरा बच्चा बहुत बीमार है।
फोटो क्लिक कर फाइन लिया जा रहा- ऑटो चालक
हड़ताल को लेकर ऑटो चालकों का कहना है कि उनकी मांगें पूरी की जाए। उन्हें हर रूट में चलने का परमिट दिया जाए। फिलहाल गाड़ियों को निर्धारित रूट पर चलने का परमिट दिया जा रहा। हम लोग पैसेंजर लेते हैं और उतारते हैं, तो फोटो क्लिक कर फाइन लगा दिया जाता है। मजबूरन हमें हड़ताल करनी पड़ी है।



Comment here