कटिहार जिले के कोढा थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात अपराधियों ने मक्का लूटने के उद्देश्य से एक ट्रैक्टर ड्राइवर को गोली मार दी। गोली ट्रैक्टर ड्राइवर के दाहिने बाजू में लगी है। जख्मी ड्राइवर की पहचान कटिहार जिला के गोसाई मिलिक निवासी राजेश ऋषि के रूप में हुई है। इसका पूर्णिया स्थित मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
एक बाइक पर सवार थे 3 बदमाश
वारदात के संबंध में जख्मी राजेश ऋषि ने बताया कि वह फुलवरिया से मक्का लोडकर सेमापुर रैक प्वाइंट जा रहा था। इसी दौरान बावनगंज पेट्रोल पंप के पास एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने ट्रैक्टर को ओवरटेक गाड़ी रोकने का इशारा दिया। ड्राइवर ने इशारा मिलते ही गाड़ी रोकी और अपराधियों के हाथ में हथियार देखकर वहां से भागने लगा। इसी दौरान अपराधियों ने उस पर गोली चला दी। गोली उसके दाहिने हाथ में जा लगी।
कोढा पुलिस ने जब्त किया ट्रैक्टर
जख्मी राजेश ऋषि ने बताया कि गोली लगने के बाद पुलिस उसे पूर्णिया स्थित मेडिकल कॉलेज लेकर आई। इसके पहले पुलिस ने मक्का लदा ट्रैक्टर जब्त कर लिया है। बताते चलें कि दो दिन पहले रविवार अहले सुबह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलौरी बायपास स्थित पनोरमा सिटी के पास आधा दर्जन अपराधियों ने हथियार के बल पर ट्रैक्टर ड्राइवर को बंधक बना 185 बोरा मक्का सहित ट्रैक्टर टेलर लूट लिया था।



Comment here