Breaking News

अब ऑटो-टोटो चालकों को भी दिखाना होगा लाइसेंस और कागजात, तीन पहिया वाहनों के खिलाफ कल से अभियान शुरू

भागलपुर में सोमवार से ऑटो और टोटो के विरुद्ध ट्रैफिक पुलिस अभियान चलाएगी। वहीं, 17 दिनों के बाद स्टेशन से तातारपुर की ओर जाने वाली गाड़ियां अब रविवार से पूर्व की तरह ही चलेंगी।

ट्रैफिक इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार ने बताया कि शहर में पांच हजार से अधिक ऑटो और टोटो का परिचालन हो रहा है। सोमवार से अभियान चलाकर टोटो-ऑटो के कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की जाएगी।

रमजान और ईद को लेकर यातायात नियमों में 16 अप्रैल से अस्थाई बदलाव किया गया था। स्टेशन चौक और तातारपुर के बीच ईद त्योहार को लेकर सड़क किनारे दुकानें लगाने और इसकी वजह से यातायात प्रभावित होने के कारण यातायात नियमों में यह बदलाव ईद तक किया गया था।

शनिवार को ईद मनाने के साथ ही वाहनों के स्टेशन की ओर से सीधे तातारपुर जाने पर लगाए गए रोक को हटा लिया गया है। तातारपुर जाने वाले कार, ऑटो, टोटो एमपी द्वेदी रोड (साइकिल पट्टी) से लहेरीटोला और जबारचक होते हुए तातारपुर जा रही थी, लेकिन तातारपुर से स्टेशन की ओर आने वाली गाड़ियों पर यह नियम लागू नहीं था।

स्टेशन चौक से पटल बाबू मार्ग पर आज चलेगा विशेष अभियान

शहरी क्षेत्र में स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर केंद्रीय टीम सर्वे के लिए पहुंचेगी। इससे पहले शहर की स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने की निगम ने पहल की है। नगर निगम द्वारा भागलपुर स्टेशन चौक से सुबह आठ बजे स्वच्छता रैली निकाला जाएगी जो लोहिया पुल होते हुए पटल बाबू मार्ग की ओर स्वच्छता संदेश के साथ आगे बढ़ेगी।

स्वास्थ्य शाखा प्रभारी आदित्य जायसवाल ने बताया कि जेसीबी, ट्रैक्टर व अन्य सफाई संसाधन के साथ टीम मौजूद रहेगी। लोहिया पुल के नीचे व स्टेशन चौक के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। सैंडिस कंपाउंड के चारों ओर, स्टेशन चौक से लोहिया पुल, नाथनगर में विषहरी स्थान चौक व शीतला स्थान चौक को चिह्नित किया गया है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.