जमुई जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के भीमबांध के जंगली इलाके से भटक कर एक हिरण का बच्चा लक्ष्मीपुर गांव पानी की खोज में पहुंच गया। जहां ग्रामीणों ने हिरण के बच्चे को पकड़ कर गुरुवार देर शाम लक्ष्मीपुर थाना अध्यक्ष राजवर्धन कुमार और पुलिस बल को सौंप दिया। लक्ष्मीपुर पुलिस ने उसे वन विभाग को सुपुर्द कर दिया।
मलयपुर वन विभाग रेंज के रेंजर चरित्र चौधरी ने बताया कि एक हिरण का बच्चा पानी की खोज में भटक कर गांव की तरफ आ गया था। जिसकी उम्र लगभग 5 से 6 महीने के करीब होगी। उन्होंने बताया कि हिरण का बच्चा काफी डरा हुआ था। जिसका प्राथमिक उपचार वनरक्षी दीपक कुमार, मुन्ना कुमार यादव और अक्षय कुमार के द्वारा किया गया और उसे दूध और पानी पिलाकर रात भर लक्ष्मीपुर फॉरेस्ट ऑफिस में रखा गया। उन्होंने बताया कि हिरण का बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है। तपती और भीषण गर्मी होने के कारण पानी की खोज में भटक कर वह गांव की ओर आ गया था।
ग्रामीणों के अनुसार हिरण प्यास से तड़प रहा था। पानी के लिए इधर उधर भटकते देख गांव के युवाओं ने उसे किसी तरह पकड़ कर पानी पिलाया। पानी पीने के बाद हिरण का बच्चा शांत हुआ। इसके बाद इसकी जानकारी लक्ष्मीपुर पुलिस एवं वन विभाग के अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम उक्त गांव में पहुंची और फिर हिरण को साथ ले गई।
विदित हो कि भीषण गर्मी आते ही लोगों की परेशानी बढ़ने लगी है। जलस्तर नीचे चले जाने से जहां कई गांव में पेयजल की संकट देखने को मिलता है वहीं पशु-पक्षी तपती गर्मी से बेहाल है। जंगली इलाकों में तालाब, कुंआ एवं अन्य जलाशय सुख जाने के कारण जंगली जानवर पानी की तलाश में भटकते हुए ग्रामीण इलाकों में पहुंच जाते है।



Leave a Reply