नई दिल्ली. दिल्ली-NCR में आज यानी 17 अप्रैल को हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इसके साथ ही आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे. भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department-IMD) ने दिल्ली-NCR और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर आज से लेकर 20 अप्रैल तक आंधी (Thunderstorm) के साथ बारिश (Rainfall) होने की उम्मीद जताई है. जबकि पूर्वी यूपी में आमतौर पर मौसम के सूखा रहने की संभावना है. आईएमडी ने अगले 4 दिनों के दौरान पश्चिमी हिमालयी इलाकों और आसपास के मैदानी इलाकों में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है.
आईएमडी के मुताबिक 18 तारीख को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में भारी बारिश होने की उमीद है. 18 और 19 को हिमाचल प्रदेश में और 19 अप्रैल को उत्तराखंड में बारिश हो सकती है. इसके साथ ही आज जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कई जगहों पर ओले गिर सकते हैं. 17 से 18 अप्रैल के दौरान हिमाचल प्रदेश में और 18 से 20 अप्रैल के दौरान उत्तराखंड में ओले गिरने (Hailstorm) की संभावना जताई गई है. अगले 4 दिनों में महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी बारिश होने की संभावना है
आईएमडी के मुताबिक उत्तर पश्चिम भारत, मध्य और पूर्वी भारत के मैदानी इलाकों के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान (Maximum temperature) 40-42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. पिछले 6 दिनों से गंगीय पश्चिम बंगाल, पिछले 4 दिनों से तटीय आंध्र प्रदेश और पिछले 2 दिनों से बिहार के अलग-अलग इलाकों में लू (Heat Wave) के हालात बने हुए हैं. भीषण गर्मी के कारण पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य में सभी स्कूल-कॉलेज इस हफ्ते बंद रखने की घोषणा की है. आईएमडी ने लू को लेकर पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. 17 अप्रैल को पंजाब और हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में लू की स्थिति बन सकती है. इसे लेकर येलो वॉच जारी किया गया है. 17 और 18 अप्रैल को पश्चिमी मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में लू चलने की संभावना है. देश के बाकी हिस्सों में कोई महत्वपूर्ण मौसमी गतिविधि की संभावना नहीं है.



Comment here