मुजफ्फरपुर. एफिल टॉवर का नाम सुनते ही आपके जेहन में फ्रांस की राजधानी पेरिस की तस्वीर आने लगती है. लेकिन आज हम मुजफ्फरपुर के एक ऐसे मकान के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसे लोग यहां का एफिल टॉवर के नाम से पुकारते हैं. जी हां! एफिल टॉवर के नाम से मशहूर शहर के गन्नीपुर इलाके में एक मकान है, जो मात्र 6 फीट चौड़ा और 45 फीट लंबा है. जब भी कोई इस इलाके से गुजरता है, तो कुछ देर के लिए इस मकान को देखने के लिए रूक जाता है. तो चलिए हम आपको इस मकान के बारे में पूरी जानकारी देते हैं.
नक्शा बनाने को तैयार नहीं था कोई इंजीनियर
संतोष कुमार कहते हैं कि यह मकान उन्होंने अपने पत्नी को मुंह दिखाई में दिया था. संतोष आगे बताते हैं कि शुरुआत में इस घर का नक्शा बनाने के लिए कोई इंजीनियर तैयार नहीं हुआ. इसके बाद उन्होंने खुद से ही नक्शा बनाया. उस वक्त घर बनाने का नया नियम भी नहीं आया था, तो नक्शा आसानी से पास भी हो गया. जब घर बनाने लगे तो लोग इसकी मजबूती को लेकर संदेह जताने लगे. लेकिन जब यह घर बनकर तैयार हो गया तो लोगों को यकीन हो गया कि कम जमीन में भी घर बनाया जा सकता है. संतोष कहते हैं अब कई लोग कॉल कर पूछते हैं कि कैसे इतनी कम जमीन में घर बना लिया. संतोष कहते हैं कि जिनके पास कम जमीन हो, उनके लिए उनका एफिल टावर उदाहरण है.
शरुआत में लोग उड़ाते थे मजाक
संतोष बताते हैं कि इतनी कम जमीन में मकान बनाने पर लोग शुरुआत में मजाक उनका उड़ाते थे. लोगों को विश्वास ही नहीं हो रहा था था कि इतनी कम जमीन में कोई मकान बन भी सकता है. अब जब मकान बन गया है, तो कुशल युवा कार्यक्रम के तहत इस मकान के ग्राउंड फ्लोर में वे कंप्यूटर क्लास चलवाते हैं. संतोष बताते हैं कि अब इस जमीन में चार तल्ला मकान बन गया है. ग्राउंड फ्लोर के ऊपर 3 फ्लोर है. जिसमें एक फ्लैट में 1 बेडरूम, 1 बाथरूम और 1 किचन है. मकान देखकर अब लोग कहते हैं कमाल है.



Leave a Reply