59 दिनों के सावन का आज पहला सोमवार है। सुबह से ही बिहार के सभी जिलों के सभी शिव मंदिरों में भक्तों का हुजूम देखने को मिल रहा है। वहीं कल से ही सुल्तानगंज से श्रद्धालु जल लेकर बाबा बैद्यनाथ के लिए रवाना होने लगे।
पटना के महावीर मंदिर में आज सुबह 5 बजे से ही शिवलिंग का रुद्राभिषेक किया जा रहा है। पटना के सभी छोटे बड़े शिव मंदिरों में भक्त अपनी मनोकामना के साथ पूजा करने पहुंच रहे हैं।

मुजफ्फरपुर के बाबा गरीबनाथ मंदिर में अरघा के जरिए हाे रहा है जलाभिषेक।
सावन की पहली सोमवारी को लेकर पटना के शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने शुरू हो गई। मंदिरों में बज रहे शंखनाद और ओम नमः शिवाय के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्ति में डूब गया है।
देवघर में आम भक्तों के लिए पट खुलने से पहले बाबा की सरदारी पूजा की गई।
देवघर में 1 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद
देवघर में शिवभक्तों का मेला उमड़ा पड़ा है। पहली सोमवारी होने की वजह से कांवरियों की कतार बाबा मंदिर से छह किलोमीटर दूर नंदन पहाड़ी तक पहुंच गई है। संभावना जताई जा रही है कि एक लाख से अधिक शिवभक्त आज बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करेंगे।

समस्तीपुर के विद्यापति धाम मंदिर में पहली सोमवारी को जलाभिषेक को लेकर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।
भीड़ को लेकर प्रशासन चौकस है। कांवरियों की कतार को नियंत्रित करने से लेकर भीड़ नियंत्रण का पूरा जिम्मा पुलिस के हाथ है। तनिक भी चूक नहीं हो, इसलिए एक नहीं तीन-तीन अधिकारी अलग-अलग टीम बनाकर मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के अनुसार सरदारी पूजा के बाद अहले सुबह 3.55 बजे से भक्त ज्योतिर्लिंग पर जल चढ़ा कर रहे हैं। स्पर्श पूजा बंद होने की वजह से हर बार की तरह इस बार भी अर्घा से जलार्पण की व्यवस्था की गई है।



Leave a Reply