Breaking NewsUncategorized

मुजफ्फरपुर : जानिए, किस वेश में करता था आर्म्स की तस्करी, फटे पुराने कपड़े पहनता था मंगलम

ग्लौक पिस्टल के साथ मुजफ्फरपुर पुलिस के हत्थे चढ़े आर्म्स तस्कर मंगलम उर्फ गोलू ने पूछताछ में कई अहम जानकारी दी है। उसने बताया कि वह बारहवीं पास है। वर्ष 2016 में उसने वैशाली जिले के बलिगांव स्थित एक कॉलेज से 12वीं पास किया था। इसके बाद वह अधिक रुपए कमाने की लालच में पड़ गया। उसने वर्ष 2017 में एक चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इससे पूर्व समस्तीपुर में लूटपाट कर चुका था। चोरी के केस में उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर हाजीपुर जेल भेजा।

वहीं से समस्तीपुर पुलिस ने उसे रिमांड कर लिया। फिर उसे समस्तीपुर जेल भेजा गया। उस समय लूट के एक केस में कुख्यात सुजीत राय भी बंद था। वहीं पर उससे दोस्ती हुई। फिर वह जेल से जमानत पर निकला। इसके बाद सुजीत उससे कॉन्टैक्ट में रहा। जेल से ही वह उसे कॉल करता था और आर्म्स सप्लाई के बारे में बताता था। मंगलम ने पुलिस से बचने के लिए एक अलग हुलिया तैयार किया। वह फटे पुराने कपड़े पहनता था। जब वह आर्म्स की सप्लाई करने जाता था। या यूं कहें कि भिखारी वाला वेश पकड़कर वह आर्म्स डिलीवरी करने जाता था। इसके लिए उसे रुपये भी मिलते थे और अपने हुलिए के कारण वह पुलिस की नजरों में भी नहीं आता था।

2020 में लूट लिया सोना

इसके बाद सुजीत को पश्चिम बंगाल पुलिस ने सोना लूटकांड में रिमांड पर ले लिया। उसे कोलकाता के एक जेल में बंद कर दिया। वर्ष 2020 में मंगलम बंगलुरू चला गया। वहां आने दोस्तों संग रहने लगा। इसी दौरान उसके दोस्त, विकास, ठाकुर और एकराम समेत अन्य ने मिलकर तमिलनाडु के कृष्णगिरी में मुथूट फाइनेंस कम्पनी से सोना लूटकांड को अंजाम दिया। फिर सोना लेकर बंगलुरू आ गया। यहां से जब गाड़ियों में भरकर सोना के जा रहे थे। तभी पुलिस ने दबोच लिया और जेल भेज दिया। इस साल फरवरी में वह जेल से छूटकर आया। अपना पुराना नम्बर चालू किया। फिर कोलकाता जेल में बंद सुजीत ने व्हाट्सएप पर उसे वीडियो कॉल किया।

जेल से हुई थी डील

सुजीत ने उसे बताया कि एक हाई क्वालिटी का ग्लौक पिस्टल है। जिसे बेचना है। वह तैयार हो गया। जेल के अंदर से ही आर्म्स तस्करी का धंधा करता है। उसके कहने पर कच्ची पक्की में उसे एक युवक ने वह पिस्टल दिया। जिसे लेकर वह कुंदन के साथ नरेंद्र उर्फ मनीष से मिलने गया था। 5.50 लाख में डील फाइनल हुई। जिसमें से 3.50 लाख रुपए एडवांस दिए। तभी पुलिस ने धावा बोल दिया।

आभूषण व्यवसाई का घर सील

आभूषण व्यवसाई नरेंद्र उर्फ मनीष के घर को पुलिस ने सील कर दिया है। आज FSL की टीम और मेटल डिटेक्टर से पूरे घर की जांच की जाएगी। साथ ही बम निरोधक दस्ता को भी बुलाने की संभावना है। पुलिस को आशंका है कि इस तरह के हाई क्वालिटी आर्म्स की तस्करी करने वाले कहीं विस्फोटक पदार्थ भी छुपकर रखे होंगे। इसीलिए आगे की जांच की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आभूषण व्यवसाई के घर से अन्य सदस्यों से भी पुलिस पूछताछ करेगी। आरोपी के संपर्क में जो भी थे। उन सभी की तलाश की जा रही है। वह किससे बात करता। किसके साथ उठता-बैठता था। इन सभी बिंदुओं पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जब्त आर्म्स का भी डिटेल खंगाला जा रहा है। इधर, पूछताछ करने के बाद आभूषण दुकानदार नरेंद्र उर्फ मनीष, मंगलम उर्फ गोलू और कुंदन को जेल भेज दिया गया है। उनके पास से जो मोबाइल मिले हैं। उसकी भी जांच की जा रही है।

व्हाट्सएप चैट से मिले अहम सुराग

मंगलम के मोबाइल कॉल डिटेल्स और व्हाट्सएप चैटिंग से अहम सुराग हाथ लगा है। आर्म्स तस्करी की डील सम्बन्धित कई जानकारी मिली है। इसी आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। SSP जयंतकांत ने कहा कि टाउन इंस्पेक्टर के नेतृत्व में विशेष टीम कार्रवाई कर रही है। गिरोह में जी भी शातिर हैं। उन सभी की गिरफ्तारी होगी। साथ ही कोलकाता जेल में बंद सम्सतीपुर के सुजीत को भी इस केस में रिमांड किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर पुलिस कोलकाता जाकर पूछताछ करेगी।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.