Breaking News

मुजफ्फरपुर में आंधी और बारिश से मौसम खुशनुमा, कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई,

मुजफ्फरपुर में हीट वेव से देर रात लोगों को राहत मिली। दिनभर की जला देने वाली धूप के बाद रात में तेज आंधी उठी। कुछ देर बाद बारिश भी हुई। बारिश तेज नहीं थी। लेकिन, इससे मौसम हल्का ठंडा और खुशनुमा हो गया। करीब आधे घन्टे तक धूल भरी आंधी चली। इसके बाद हुई बारिश से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। वहीं पश्चिमी क्षेत्र साहेबगंज और पारू में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई। इसका वजन 50-100 ग्राम बताया गया है। वहीं अन्य प्रखंडो में सिर्फ तेज आंधी और हल्की बूंदाबांदी होकर रह गयी। लेकिन, इससे मौसम का मिजाज खुशनुमा हो गया। लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली।

40 के पार पहुंच गया था टेम्परेचर

इस सप्ताह गर्मी और तेज धूप ने तो लोगों का जीना मुहाल कर दिया था। टेम्परेचर 40 डिग्री के पार पहुंच गया था। सुबह नौ बजे के बाद ही सड़क पर निकलना मुश्किल हो रहा था। मौसम विभाग ने 48 से 72 घन्टे तक आंधी, बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। यानी अगले दो से तीन दिन तक मौसम खुशनुमा रहने की संभावना है।

गेंहू और आम-लीची को नुकसान

ओलावृष्टि और बारिश के कारण खेत मे लगे गेंहू की फसल को नुकसान पहुंचेगा। इसके अलावा आम और लीची को भी क्षति पहुंच सकता है। खासकर जिसमे मंजर लगा हो। कई जगहों पर तो गेंहू की फसल कटकर दौनी हो चुकी है। जबकि अधिकांश खेतों में अभी गेंहू की फसल तैयार होकर लगी हुई है। इसे नुकसान पहुंच सकता है।

पूरे शहर में ब्लैक आउट की स्थिति

आंधी शुरू होने के साथ ही पूरे शहर की बिजली गुल हो गयी। यानी पूरे तरह से ब्लैक आउट की स्थिति हो गयी। कुछ जगहों पर तेज आंधी के कारण बिजली के तार टूटने की बात पता लगी है। बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मी इसे दुरुस्त करने में लगे हुए हैं।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.