दरभंगा के DMCH (दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल) में शुक्रवार की देर रात मेडिकल स्टूडेंट्स और मेडिकल शॉप चला रहे दुकानदार के बीच बहस हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि आक्रोशित छात्रों ने कैंपस के भीतर ही 4 दुकानों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। वहीं 4 लोगों को जिंदा जलाने का प्रयास किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया। हालांकि छात्र इतने उग्र हो गए थे कि दो पुलिस कर्मी भी इस झड़प में घायल हो गए। इस संबंध में मेडिकल छात्रों ने कुछ भी बताने से इनकार किया है।
मैगी खरीदने पहुंचे थे स्टूडेंट्स
मेडिकल दुकान के मालिक जावेद खान से मिली जानकारी के अनुसार स्टूडेंट्स मेडिकल शॉप से सटे किराना दुकान से मैगी खरीदने पहुंचे थे। उस समय किराने की दुकान पर दुकानदार नहीं था। मेडिकल शॉप के एक स्टाफ ने छात्रों को थोड़ी देर इंतजार करने के लिए कहा।
इस पर छात्र आक्रोशित हो गए और बहस करने लगे। मामला धीरे-धीरे गाली-गलौज तक पहुंच गया। छात्र आक्रोशित हो गए। उन्होंने अपने अन्य साथियों को भी फोन कर बुला लिया। गुस्से में उन्होंने स्टाफ के चेहरे पर कैंची से वार कर दिया।
स्टूडेंट्स ने पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग
दुकान के मालिक ने बताया कि विवाद बढ़ा तो दुकान के पीछे घर तक आवाज आने लगी। जब निकलकर बाहर आया तो देखा कि छात्र काफी आक्रोशित थे। काफी संख्या में पहुंचे छात्रों के हाथ में पेट्रोल थी। उनको काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन छात्र नहीं माने। उन्होंने गुस्से में दुकान और उन पर और उनके स्टाफ पर पेट्रोल छिड़ककर माचिस जला दी।
पूरी घटना में 4 लोग झुलस गए। वहीं आग की जद में आई मेडिकल शॉप समेत अगल-बगल की 3 और दुकानें भी पूरी तरह से जल गईं। आक्रोशित छात्रों ने लाठी-डंडे से भी सभी की पिटाई की। घटना में किसी का सिर फट गया है तो किसी का हाथ टूट गया है।
दो पुलिस कर्मी भी झड़प में हो गए घायल
घटना के संबंध में SDPO कृष्ण नंदन कुमार ने बताया कि उन्हें जैसे ही मामले की जानकारी हुई, वे तुरंत भारी संख्या में पुलिस बल लेकर स्पॉट पर पहुंच गए। छात्र काफी आक्रोशित थे। झड़प इतनी भयावह हो गई थी कि शांत कराने में दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। पूरी घटना में 4 दुकानें जलकर राख हो गईं। दुकानदारों ने 40 लाख से अधिक की क्षति की बात कही है। पुलिस अभी कैंप कर रही है। स्थिति अभी नियंत्रण में है।



Comment here