मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले में मौसम के अचानक बदलने के बीच एक बड़ी प्राकृतिक घटना सामने आई, लेकिन राहत की बात यह रही कि बड़ा हादसा टल गया। बंदरा प्रखंड के हत्था थाना क्षेत्र के तेपरी पंचायत में देर शाम तेज बारिश और ओलावृष्टि के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक ताड़ का पेड़ जलने लगा।

जानकारी के अनुसार, इलाके में अचानक मौसम बदला और काले बादलों के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान वार्ड संख्या छह में खड़े एक ऊंचे ताड़ के पेड़ पर जोरदार आवाज के साथ वज्रपात हुआ। आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के घरों में मौजूद लोग डर गए और उन्हें लगा जैसे कोई बड़ा धमाका हुआ हो।

बिजली गिरते ही पेड़ में आग लग गई
चश्मदीदों के मुताबिक, बिजली गिरते ही पेड़ में आग लग गई और वह धू-धू कर जलने लगा। पेड़ के ऊपरी हिस्से से गिरती चिंगारियां और जलते पत्ते पास के घरों के लिए खतरा बन गए। इससे आसपास के लोग काफी डर गए और उन्हें अपने घरों तक आग फैलने का खतरा महसूस होने लगा। राहत की बात यह रही कि जब यह घटना हुई, उस समय पेड़ के नीचे या आसपास कोई भी मौजूद नहीं था। आमतौर पर बारिश के समय लोग पेड़ों के नीचे खड़े हो जाते हैं, लेकिन यहां ऐसा नहीं हुआ, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।

आधे घंटे तक लगातार हुई तेज बारिश
करीब आधे घंटे तक लगातार हुई तेज बारिश ने पेड़ में लगी आग को खुद ही बुझा दिया। इसके बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में इसकी चर्चा हो रही है। यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि खराब मौसम और वज्रपात के समय सतर्क रहना कितना जरूरी है।




Leave a Reply