MUZAFFARPUR

20 साल में पहली बार ईद की नमाज से नीतीश कुमार रहे दूर, CM सिक्योरिटी के बीच दिखे बेटे निशांत

पटना: आज ईद के मौके पर पटना के गांधी मैदान में बारिश के बीच हजारों लोगों ने नमाज अदा की, लेकिन 20 सालों में ऐसा पहली बार हुआ जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इसमें शामिल नहीं हुए. मुख्यमंत्री बनने के बाद से नीतीश कुमार हर साल यहां मौजूद रहते थे. इसबार बदलते राजनीति घटनाक्रमों के बीच तस्वीर भी बदली दिखी और नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार कार्यक्रम में शामिल हुए.

सीएम सिक्योरिटी के बीच निशांत

इस मौके पर निशांत कुमार ने ईद-उल-फितर की बिहारवासियों और देशवासियों को बधाई दी. निशांत कुमार की सुरक्षा में सीएम सिक्योरिटी तैनात दिखी. उनके साथ अशोक चौधरी समेत जदयू के कई बड़े नेता मौजूद रहे. मंच पर निशांत को गमछा ओढ़ाकर मुस्लिम नेताओं ने उनका स्वागत किया. गांधी मैदान में कड़ी सुरक्षा के बीच नमाजियों को एंट्री मिली. इसके साथ ही पटना जंक्शन स्थित जामा मस्जिद, फुलवारीशरीफ समेत अन्य ईदगाहों में भी ईद की नमाज अदा की गई.

सीएम ने दी ईद की बधाई

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ईद-उल-फितर के मौके पर प्रदेश एवं देशवासियों विशेषकर मुस्लिम भाई-बहनों को ईद की बधाई एवं शुभकामनायें दी हैं. मुख्यमंत्री ने अपनी शुभकामना संदेश में कहा कि पवित्र रमजान के महीने में रोजेदारों द्वारा की गयी इबादतों से उनके घर-परिवार के साथ-साथ प्रदेश और देश में शान्ति एवं समृद्धि आयेगी.

नमाजियों को दिलाया गया संकल्प

गांधी मैदान में हर बार की तरह सामूहिक नमाज का कार्यक्रम रखा गया था. इसमें हजारों की संख्या में नमाजी शामिल हुए और एक साथ नमाज पढ़ा. इस कार्यक्रम की बेहद खास बात यह रही कि इमाम ने नमाजियो संकल्प दिलाया कि अपने बूढ़े माता-पिता को इज्जत करें. उन्हें रूलाया तो आपकी सारी इबादत बेकार हो जाएगी.

39 जगह पर पुलिस मजिस्ट्रेट की तैनाती

ईद को लेकर पूरे मसौढ़ी अनुमंडल में 39 जगह पर पुलिस मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी. चप्पे-चप्पे पर पुलिस की कड़ी सुरक्षा का प्रबंध देखा गया. पूरे मसौढ़ी में तकरीबन सभी जगहों पर नमाज के लिए मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी. ऐसे में पर्व को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.