MUZAFFARPUR

होली पर बिहार पुलिस का ऑपरेशन सुरक्षित घर,रात में पहुंचे यात्रियों को मिलेगी पुलिस सुरक्षा में घर तक सवारी

होली के रंग में कहीं खलल न पड़े, इसके लिए बिहार पुलिस ने बड़ा और सख्त इंतजाम किया है। अब अगर आप दूसरे प्रदेश से ट्रेन या बस के जरिए देर रात मुजफ्फरपुर पहुंचते हैं,तो स्टेशन से घर तक का सफर खौफ और असुरक्षा में नहीं, बल्कि पुलिस की निगरानी में तय होगा।

हर साल होली के मौके पर दिल्ली, पंजाब, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों से हजारों लोग अपने वतन लौटते हैं। लेकिन देर रात स्टेशन या बस स्टैंड पर उतरने वाले यात्रियों के मन में एक डर हमेशा साया बनकर रहता था नशाखुरानी गिरोह, छिनतई करने वाले बदमाश और सुनसान सड़कों का खतरा। कई बार यात्रियों को नशा सुंघाकर लूट लेने या सामान छीनने की वारदातें सामने आती रही हैं।

इसी खतरे को देखते हुए मुजफ्फरपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन सुरक्षित घर’ की शुरुआत की है। वरीय पुलिस अधीक्षक कान्तेश कुमार मिश्रा ने ऐलान किया है कि देर रात ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों के लिए पुलिस सुरक्षा में विशेष बस सेवा चलाई जाएगी। यह बस यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाएगी।

एसएसपी कान्तेश कुमार मिश्रा ने साफ कहा है कि पर्व के दौरान कोई भी अप्रिय घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही सादी वर्दी में पुलिसकर्मी भी सक्रिय रहेंगे, जो नशाखुरानी गिरोह और छिनतई करने वाले अपराधियों पर पैनी नजर रखेंगे।

पुलिस का दावा है कि आम लोग बेखौफ होकर घर लौटें, उनकी हिफाजत की जिम्मेदारी अब प्रशासन की है। होली पर परिवार संग खुशियां मनाने आ रहे प्रवासियों के लिए यह पहल राहत भरी खबर है।

अब देखना यह होगा कि पुलिस का यह सुरक्षा घेरा अपराधियों के मंसूबों पर कितना भारी पड़ता है। फिलहाल, मुजफ्फरपुर में संदेश साफ है रंगों के इस त्योहार पर कानून का पहरा मजबूत है, और हर यात्री को सुरक्षित घर पहुंचाना पुलिस की प्राथमिकता।

 

 

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.