MUZAFFARPUR

‘सरकार खुलेआम मतदाताओं को दे रही रिश्वत और चुनाव आयोग शांत’, तेजस्वी यादव ने EC पर साधा निशाना

पटना: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जोरदार पलटवार किया. शाह ने कहा था कि बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही रहेंगे, लेकिन तेजस्वी ने इसे खारिज करते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी बिहार में उद्योग नहीं लगाना चाहती क्योंकि यहां भूमि की कमी है. उन्होंने कहा इनको केवल गुजरात में फैक्ट्री लगानी है और बिहार से सिर्फ वोट लेना है.

तेजस्वी का गृह मंत्री पर पलटवार

तेजस्वी ने कहा, “इस बार बिहार की जनता इनको सबक सिखाने का काम करेगी. ये लोग बिहार को केवल कब्जाना और हथियाना चाहते हैं. बिहार की जनता इस बार बिहार का लाल ही चलाएगी, न कि कोई बाहरी.” उन्होंने आगे कहा, “हमको सिर्फ बिहार को आगे लेकर जाना है. हम बिहार की जनता से हाथ जोड़कर कहते हैं, मौका है, इस बार बिहार को बनाने का मौका है. अगर ये लोग दोबारा आ गए तो बिहार और पीछे चला जाएगा.”

महिलाओं खाते में 10 हजार पर सवाल: तेजस्वी ने राज्य सरकार पर चुनावी रिश्वत का आरोप लगाते हुए कहा, “ये खुलेआम सरकार महिलाओं को रिश्वत दे रही है. ये उधार है और वापस सरकार शुद्ध समेत लेगी. पूरा देश देख रहा है कि चुनाव आयोग कैसे परमिशन दे सकता है कि 10 हजार रुपये दें.”

चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप: तेजस्वी ने चुनाव आयोग की खामोशी पर सवाल उठाते हुए कहा, “चुनाव आयोग क्या कर रहा है, ये पूरे देश की जनता देख रही है. बिहार चुनाव को लेकर शुरू से मनमानी हो रही है. चुनाव आयोग अभी भी विपक्ष की शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा. इसका मतलब साफ है कि वो सत्तापक्ष के लिए काम कर रहे हैं.”

बिहार विधानसभा चुनाव के बीच सत्तारूढ़ एनडीए और महागठबंधन के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज है. अमित शाह ने हाल ही में पटना में कहा था कि नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री रहेंगे और बिहार में उद्योग लगाने में भूमि की कमी बाधा है. वहीं, राज्य सरकार की ‘मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना’ के तहत महिलाओं के खातों में 10 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर की जा रही है, जिसे विपक्ष चुनावी लाभ के लिए रिश्वत बता रहा है. चुनाव आयोग ने अब तक इस पर कोई रोक नहीं लगाई है, जिस पर तेजस्वी सवाल उठा रहे हैं.

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.